दिल्लीमहाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

राष्ट्रपति के हाथों किया गया राजभवन के भूमिगत संग्रहालय का उद्घाटन

मुंबई, मुंबई प्रवास पर पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को राजभवन स्थित बंकर संग्रहालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर राष्ट्रपति की पत्नी सविता कोविंद, राज्यपाल सी. विद्यासागर राव, उनकी पत्नी विनोदा राव, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल, उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े मौजूद थे। बंकर संग्रहालय का उद्घाटन करने के बाद राष्ट्रपति सहित अन्य मान्यवरों ने संग्रहालय का निरीक्षण किया। राज्यपाल निवास स्थान तथा कार्यालय जल भूषण का भी उद्घाटन राष्ट्रपति ने किया।
बता दें कि राज्यपाल के कार्यालय और आवास जलभूषण का इतिहास लगभग 200 साल पुराना है। वर्ष 1885 में मलबार हिल स्थित निवास स्थान को गवर्नमेंट हाउस बनने के बाद में इसे गवर्नर का सरकारी निवास बना दिया गया। आजादी के बाद भी यह राजभवन बना रहा। तकरीबन 1500 वर्ग फुट परिसर में स्थित भूमिगत बंकर में संग्रहालय का निर्माण किया गया है। यह जल्द ही आम जनता के लिए खुलेगा। इसके लिए ऑनलाइन आरक्षण करना होगा। भूमिगत बंकर में वर्चुअल रियिलिटी संग्रहालय तैयार किया गया है। इसके माध्यम से लोगों को पुराने समय में बंकर का उपयोग किस तरह होता था, इसकी जानकारी दी जाएगी। संग्रहालय के अन्य कक्षों में राजभवन के इतिहास की झलक देखने को मिलेगी। तीन साल पूर्व राजभवन के नीचे भव्य ब्रिटिशकालीन बंकर होने की जानकारी राज्यपाल सी विद्यासागर राव को मिली थी। इसके बाद राज्यपाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित बंकर का मुआयना किया और इसे संरक्षित करने के आदेश दिए थे। अनेक दशक से बंकर के बंद होने से इसकी अवस्था खराब हो गई थी, साथ ही पानी के रिसाव की वजह से यह बंकर कमजोर हो गया था। इसके बाद भूमिगत बंकर का स्ट्रक्चरल ऑडिट किया गया और इसे मजबूत बनाया गया। इसके बाद बंकर में वर्चुअल रियिलिटी संग्रहालय बनाने की बात तय हुई। बंकर में विभिन्न आकार के 13 कमरे है। शुरुआत में 20 फुट ऊंचा भव्य प्रवेश द्वार, किले की तरह निर्माण कार्य सहित तोप लाने के लिए लंबी रैंप है।