दिल्लीशहर और राज्य

राष्ट्रपति ने देशवासियों को दी होली की बधाई…

नयी दिल्ली: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रंगो के त्योहार होली पर देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने होली की पूर्व संध्या पर आज जारी बधाई संदेश में कहा, होली के शुभ अवसर पर, मैं भारत और विदेशों में रह रहे सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देता हूं।
उन्होंने कहा, रंगों का उत्सव होली, शरद ऋतु के समापन का और वसंत ऋतु के आगमन का संदेश देता है। यह उत्सव, सभी के जीवन में आशा का संचार करने वाला होता है और इसीलिए हमारी सांस्कृतिक परंपरा में होली का विशेष स्थान है। हर आयु और हर वर्ग के लोग इस त्योहार को बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाते हैं। विविध रंगों से ओत-प्रोत होली का यह पर्व, हमारी विविधता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतिबिम्ब है।
राष्ट्रपति ने कहा, मेरी कामना है कि इस पर्व के माध्यम से अपनी अमूल्य विरासत और जीवन-मूल्यों में देशवासियों का विश्वास बढ़े तथा यह त्योहार सभी लोगों में परस्पर सद्भाव एवं मैत्री को और मजबूत बनाए।