गुजरातदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़

राहुल गाँधी को 2 साल की सजा, सूरत कोर्ट से जमानत भी मिली; ट्वीट कर कही ये बात- केजरीवाल समेत कई नेताओं ने BJP पर बोला हमला

गुजरात: गुजरात के सूरत सेशन कोर्ट ने गुरुवार को सांसद व कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उनके 2019 की ‘मोदी सरनेम’ की टिप्पणी के लिए दोषी ठहराते हुए दो वर्ष की सजा सुनाई। हालांकि, इस मामले में उन्हें 2 साल की सजा सुनाए जाने के तुरंत बाद ही सूरत की सेशन कोर्ट से जमानत भी मिल गई।
सांसद राहुल गांधी ने अपने खिलाफ कथित ‘मोदी सरनेम’ टिप्पणी में दायर आपराधिक मानहानि मामले में दोषी पाए जाने के बाद ट्वीट किया- ‘मेरा धर्म सत्य और अहिंसा पर आधारित है। सत्य मेरा ईश्वर है, अहिंसा इसे प्राप्त करने का साधन है- महात्मा गांधी।’

कानून के तहत ही हम लड़ेंगे: मल्लिकार्जुन खड़गे
सूरत ज़िला कोर्ट द्वारा राहुल गांधी को दोषी करार दिए जाने पर राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उन्हें ज़मानत मिल गई है। ये (BJP) लोग पहले जज को बदलते गए, हमें अंदाज़ा लग रहा था लेकिन हम कानून में विश्वास रखने वाले लोग हैं। कानून के तहत ही हम लड़ेंगे।

जनता और विपक्ष का काम है सवाल पूछना: सीएम केजरीवाल
इस मामले पर दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि ग़ैर बीजेपी नेताओं और पार्टियों पर मुक़दमे करके उन्हें ख़त्म करने की साज़िश हो रही है। हमारे कांग्रेस से मतभेद हैं मगर राहुल गांधी जी को इस तरह मानहानि मुक़दमे में फ़साना ठीक नहीं। जनता और विपक्ष का काम है सवाल पूछना। हम अदालत का सम्मान करते हैं पर इस निर्णय से असहमत हैं।

ऐसी राजनीतिक टिप्पणी चलती रहती हैं: सीएम गहलोत
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने राहुल गांधी के मानहानी मामले पर कहा, आज न्यायपालिका पर दबाव है…राहुल गांधी की जो टिप्पणी है, ऐसी राजनीतिक टिप्पणी चलती रहती हैं। ऐसी टिप्पणियां अटल जी ने, आडवाणी जी ने पता नहीं कितनी की होंगी। लेकिन पहले इस तरह से मामला दर्ज़ नहीं होता था। हमें विश्वास है कि आने वाले समय में सही फैसला होगा।
उन्होंने आगे कहा हम कहते रहते हैं कि हमारा लोकतंत्र खतरे में है क्योंकि न्यायपालिका, ईसीआई, ईडी पर दबाव है और उनका दुरुपयोग किया जा रहा है। सभी निर्णय प्रभाव में लिए जाते हैं। इस तरह की टिप्पणियां आम हैं…राहुल गांधी एक साहसी व्यक्ति हैं और केवल वे ही एनडीए सरकार का मुकाबला कर सकते हैं।

मीडिया को भी दबाने की कोशिश: सीएम भूपेश बघेल
सूरत ज़िला कोर्ट द्वारा राहुल गांधी को दोषी करार दिए जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मीडिया को भी दबाने की कोशिश है, न्यायपालिका को प्रभावित करने की कोशिश है और राजनीतिक दल के लोगों पर इसी स्तर पर जाकर वो कार्रवाई कर रहे हैं।

मेरे भाई न कभी डरे हैं, न कभी डरेंगे: प्रियंका गांधी
राहुल के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया- ‘मेरे भाई न कभी डरे हैं, न कभी डरेंगे। सच बोलते हुए जिये हैं, सच बोलते रहेंगे। देश के लोगों की आवाज उठाते रहेंगे। सच्चाई की ताकत व करोड़ों देशवासियों का प्यार उनके साथ है’। गांधी को उनकी ‘मोदी उपनाम’ टिप्पणी पर राहुल गांधी खिलाफ दायर आपराधिक मानहानि के मामले में दोषी पाये जाने के बाद बहन प्रियंका गांधी ने भाई के सपोर्ट में ये बातें कहीं।

IPC 504 के तहत राहुल गांधी को दिया गया दोषी करार
बता दें कि अदालत ने आईपीसी की धारा 504, 499 और 500 के तहत राहुल गांधी को दोषी करार दिया है। राहुल गांधी पर ‘मोदी सरनेम’ पर टिप्पणी करने के लिए आपराधिक मानहानि का केस दर्ज था।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एचएच वर्मा की अदालत ने पिछले शुक्रवार को दोनों पक्षों की अंतिम दलीलें सुनने के बाद फैसले को 23 मार्च के लिए सुरक्षित कर दिया था। राहुल मानहानि मामले की सुनवाई के लिए अब तक तीन बार कोर्ट में पेश हो चुके हैं।

मोदी सरनेम को लेकर दिया था विवादित बयान
गौरतलब हो कि 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल ने मोदी सरनेम को लेकर विवादित बयान दिया था, जिसके 4 साल बाद सूरत कोर्ट ने राहुल गांधी को मानहानि केस में दोषी करार दिया है। कोर्ट ने जब राहुल से पूछा कि वह इस मामले में क्या कहना चाहते हैं? तो राहुल ने कहा मैंने जानबूझ कर यह बयान नहीं दिया था।
राहुल गांधी के खिलाफ उनके कथित बयान ‘सभी चोरों का सरनेम ‘मोदी’ कैसे होता है?’ के खिलफ मामला दर्ज किया गया था। भाजपा विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी की शिकायत पर राहुल गाँधी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाता रहूंगा: राहुल गांधी
कोर्ट से बाहर आए वकील के मुताबिक, जज ने राहुल से पूछा कि क्या वह कुछ कहना चाहते हैं? इस पर राहुल ने कहा कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते रहते हैं, उन्होंने जान-बूझकर कुछ नहीं कहा। बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि राहुल की बातों से किसी का नुकसान नहीं हुआ है।
वहीं, अभियोजन पक्ष के वकील ने कहा कि राहुल गांधी सांसद हैं। कानून बनाने वाले ही कानून तोड़ेंगे तो समाज में क्या संदेश जाएगा? इसलिए उन्हें ज्यादा से ज्यादा सजा मिलनी चाहिए।

जानें- कौन हैं भाजपा नेता पूर्णेश मोदी?
पूर्णेश मोदी सूरत जिले की सूरत पश्चिम सीट से विधायक हैं। पूर्णेश मोदी का जन्म 1965 में हुआ था। उनके पिता का नाम ईश्वरलाल मोदी है। मोदी प्रोफेशनल ग्रेजुएट हैं। बी. कॉम करके 1992 में उन्होंने सूरत की सर चौवाशी लॉ कॉलेज से एलएलबी की डिग्री हासिल की। भाजपा नेता की संपत्ति की बात करें तो वो 1.73 करोड़ रुपये के मालिक हैं। उनके नाम 35 लाख से ज्यादा का कर्ज भी है। फिलहाल, उनका पेशा वकालत है।

ऐसा रहा सियासी सफर
2022 गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा के मजबूत गढ़ वाले सूरत की सूरत पश्चिम सीट पर पूर्णेश मोदी ने जीत दर्ज की थी। मोदी ने कांग्रेस प्रत्याशी संजय आर. शाह को 1,04,312 वोटों के विशाल अंतर से हराया था। पूर्णेश मोदी को सितंबर 2021 में भूपेंद्र पटेल की सरकार में सड़क और भवन मंत्री बनाया गया था। राज्य का दूसरा सबसे बड़ा शहर, सूरत एकमात्र ऐसा शहर था जिसके पास उस वक्त बनी भूपेंद्र पटेल सरकार में चार मंत्री थे। चार में से एक कैबिनेट मंत्री थे जबकि अन्य राज्य मंत्री थे।
हालांकि, मंत्रालय के कामकाज में शिकायतें आने के बाद 11 महीने में ही पूर्णेश मोदी का मंत्री पद वापस ले लिया गया। पूर्णेश मोदी 2009-12 और 2013-16 में सूरत नगर बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मोदी को इस क्षेत्र में ओबीसी समुदाय का बड़ा चेहरा माना जाता है।