उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

राहुल गांधी के हाथरस जाते समय गिरने की घटना को शिवसेना नेता राउत ने ‘देश के लोकतंत्र पर गैंगरेप’ बताया

मुंबई: शिवसेना सांसद संजय राउत ने यूपी के हाथरस में गैंगरेप पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार पर यूपी की योगी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी के साथ हुई घटना को लोकतंत्र का गैंगरेप बताया है।
शिवसेना नेता राउत ने शुक्रवार को कहा कि जिस तरह से राहुल गांधी का कॉलर पकड़ा, धक्का मारा, गिराया ये एक तरह से इस देश के लोकतंत्र पर गैंगरेप है। इस गैंगरेप की भी जांच होनी चाहिए।
राउत ने कहा, एक दलित लड़की का रेप और मर्डर होता है। वहां देश के एक पॉलिटिकल पार्टी के बड़े नेता मिलने जाते हैं तो उनके साथ ऐसा व्यवहार? उन्होंने आगे कहा, राहुल गांधी से वहां की पुलिस (यूपी पुलिस) ने जिस तरह बर्ताव किया उसका समर्थन देश में कोई नहीं कर सकता। राहुल गांधी इंदिरा गांधी के पोते हैं और राजीव गांधी के बेटे हैं। ये हमें भूलना नहीं चाहिए। इन लोगों ने देश के लिए शहादत दी है।

राउत ने यहां संवाददाताओं से कहा, जिन लोगों ने एक अभिनेत्री के अवैध निर्माण को ढहाने पर हमारे खिलाफ आवाज उठाई उन्हें हाथरस पीड़िता के लिए न्याय की मांग करनी चाहिए।
बता दें कि संजय राउत के साथ कंगना की सार्वजनिक तौर पर बहसबाजी के बाद शिवसेना के नियंत्रण वाले मुंबई महानगरपालिका ने अभिनेत्री के बंगले में अवैध रूप से किए गए निर्माण को ढहाने की कार्रवाई शुरू की थी जिस पर उनकी पार्टी की आलोचना हुई थी।

पुलिस हिरासत में लिए जाते समय गिरे थे राहुल गांधी
दरअसल, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शुक्रवार को यूपी के हाथरस में हुए गैंगरेप कांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे। इस दौरान ग्रेटर नोएडा में यूपी पुलिस ने उन्हें रोक दिया था। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की के दौरान राहुल गांधी नीचे गिर गए थे। इस पर उन्होंने यूपी पुलिस पर धक्का देने का आरोप लगाया था।

राहुल-प्रियंका समेत 203 लोगों पर एफआईआर
उधर, यूपी पुलिस ने शुक्रवार को हुए घटनाक्रम को लेकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और 203 अन्य लोगों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा के इकोटेक पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया गया है, उनमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी, कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पीएल पुनिया, सचिन पायलट और 153 अन्य पार्टी कार्यकर्ता शामिल हैं। वहीं 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।

मीडिया यूपी सरकार से सवाल क्यों नहीं कर रहा: राज ठाकरे
वहीँ महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के मुखिया राज ठाकरे ने बृहस्पतिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने उनको क्यों रोका जो हाथरस बलात्कार पीड़िता के परिवार वालों से मिलना चाहते थे। उन्होंने आश्चर्य प्रकट करते हुए कहा कि मीडिया उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार से प्रश्न क्यों नहीं पूछ रहा है?
राज ठाकरे ने संवाददाताओं से पूछा, कोई मृतका के परिजनों से मिलने जा रहा था तो उन्हें क्यों रोका गया और बदसलूकी क्यों की गई? सरकार को किसका डर है?