ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

लड़कियों की फोटो से छेड़छाड़ करके करता था धनउगाही व ब्लैकमैल, हुआ गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में करियर बनाने की इच्छुक महिलाओं की तस्वीरों के साथ मोबाइल ऐप की मदद से छेड़छाड़ कर उन्हें ब्लैकमेल करने और उनसे उगाही करने के आरोप में 28 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को कास्टिंग डायरेक्टर बताता था। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपी सिद्धार्थ सरोडे को बांद्रा क्राइम ब्रांच की इकाई ने गिरफ्तार किया है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने आरोपी के अपराध को अंजाम देने के तौर-तरीकों के बारे में बताया कि वह खुद को कास्टिंग निर्देशक बताता था और फिल्म उद्योग में काम पाने के लिए स्ट्रगल कर रही महिलाओं से फेसबुक और वॉट्सऐप के जरिए संपर्क करता था। उन्होंने बताया कि फिल्म या धारावाहिक में भूमिका पाने के लिए संपर्क करने वाली महिलाओं से सरोदे उनकी तस्वीरें मांगता था। इसके बाद वह ‘पिक्स आर्ट’ मोबाइल ऐप से महिलाओं की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उनके अश्लील फोटो बना देता था।
इसके बाद आरोपी छेड़छाड़ किए हुए फोटो महिलाओं को भेजकर उनसे पैसे मांगता था और पैसे ना देने पर तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देता था। अधिकारी के मुताबिक, सरोडे ने इस तरीके से कम से कम आठ महिलाओं को ब्लैकमेल किया है। एक महिला पीड़ित ने जब मुंबई पुलिस से संपर्क किया तो उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ।