नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी जोन पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एक नई और सुरक्षित पहल शुरू की है। अब अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन के अंतर्गत आने वाले 09 जिलों में अब आम नागरिक बिना अपनी पहचान बताए सीधे पुलिस तक सूचना दे सकेंगे। इस व्यवस्था को “पुलिस सतर्क मित्र” नाम दिया गया है, जिसका उद्देश्य जनता को कानून-व्यवस्था मजबूत करने में भागीदार बनाना है।
एडीजी पियूष मोर्डिया ने बताया कि ‘पुलिस सतर्क मित्र’ प्रणाली के तहत कोई भी व्यक्ति गौ-तस्करी, गो-वध, शराब तस्करी, नशा व मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार, महिला एवं बाल अपराध, जबरन धर्म परिवर्तन, अवैध खनन या किसी भी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की सूचना गोपनीय रूप से दे सकता है। इसके लिए सूचनाकर्ता को अपना नाम या पहचान बताने की आवश्यकता नहीं होगी।
WhatsApp Bot से कर सकेंगे सीधी शिकायत
इस नई व्यवस्था में नागरिकों को अपने मोबाइल में व्हाट्सएप खोलकर WhatsApp Bot नंबर 7839860411 पर उपलब्ध विकल्पों के माध्यम से सूचना दर्ज करनी होगी। सूचनाकर्ता फोटो, वीडियो, ऑडियो या टेक्स्ट के जरिए साक्ष्य भी साझा कर सकता है। इसके अलावा QR कोड स्कैन कर भी सीधे सूचना पुलिस तक भेजी जा सकती है।
एडीजी पियूष मोर्डिया ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रखी जाएगी। किसी भी स्तर पर न तो नाम और न ही मोबाइल नंबर सार्वजनिक किया जाएगा। इससे लोग बिना किसी डर-हिचक के अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दे सकेंगे।
सूचना पर होगी त्वरित और प्रभावी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, प्राप्त सूचना पर संबंधित अधिकारी द्वारा तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी भी व्हाट्सएप के माध्यम से सूचनाकर्ता को भी दी जाएगी, जिससे लोगों का भरोसा इस प्रणाली पर और मजबूत हो सके।
पुलिस ने की जनता से ये अपील?
एडीजी की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्भीक होकर अवैध गतिविधियों की सूचना दें और पुलिस का सहयोग करें। प्रशासन का कहना है कि जनसहयोग से ही अपराध-मुक्त, सुरक्षित और शांत समाज की स्थापना संभव है।
