उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

वाराणसी: भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली ‘सारनाथ’ होगा हाईटेक, वर्ल्ड बैंक परियोजना को पर्यटन मंत्रालय ने दी मंजूरी

वाराणसी, (राजेश जायसवाल): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी स्थित भगवान बुद्ध की उपदेश स्थली सारनाथ को स्मार्ट पर्यटन स्थल बनाया जाएगा। यूपी पर्यटन मंत्रालय ने वर्ल्ड बैंक सहायतित पर्यटन योजना को हरी झंडी दे दी है। इस योजना के तहत 100 करोड़ की लागत से इस बौद्ध सर्किट को हाईटेक बनाया जाएगा।

सारनाथ में पर्यटन विकास के दौरान चौखंडी से सारनाथ रेलवे स्टेशन तक पाथ-वे का निर्माण होगा। सारनाथ रेलवे स्टेशन पर प्रवेश के मार्ग पर बुद्धद्वार का निर्माण होगा जिससे स्टेशन आने वाले पर्यटकों को स्टेशन पर ही बुद्ध संग काशी की झलक दिखेगी। इसके अलावा सारनाथ में स्थित 26 मंदिरों के मार्ग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा। इस पूरे बौद्ध क्षेत्र में तीन प्रवेश द्वार बनेंगे जिनमे से एक द्वार अभी तैयार भी है। सारनाथ म्यूजियम और उसके आप पास के इलाकों को भी स्मार्ट और हाईटेक बनाया जाएगा। सारनाथ का डियर पार्क सौंदर्यीकरण एवं विस्तार किए जाने के साथ ही बच्चों को झूलने के लिए झूला आदि भी लगाया जाएगा।

राज्य मंत्री डॉक्टर नीलकंठ तिवारी

100 करोड़ की लागत से होगा पर्यटन विकास
उत्तर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य एवं प्रोटोकॉल राज्य मंत्री डॉक्टर नीलकंठ तिवारी ने बताया कि वर्ल्ड बैंक सहायतित प्रो-पुअर पर्यटन विकास परियोजना के अंतर्गत लगभग 100 करोड़ की लागत से सारनाथ का पर्यटन विकास कराया जाएगा। सारनाथ का पर्यटन विकास होने के पश्चात यहां पर शांति के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर की भव्यता भी आने वाले पर्यटकों को देखने को मिलेगी।