दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

शपथग्रहण: 16 फरवरी को रामलीला मैदान में मंत्रिमंडल के साथ शपथ लेंगे अरविंद केजरीवाल

नयी दिल्ली: विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद अरविंद केजरीवाल ने शपथग्रहण की तैयारी कर ली है। 16 फरवरी को केजरीवाल अपने मंत्रिमंडल के साथ शपथ लेंगे। पिछली बार की तरह इसबार भी शपथ ग्रहण रामलीला मैदान में ही होगा। आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली में तीसरी बार सरकार बनाने वाली है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसके लिए बुधवार को सभी निर्वाचित विधायकों की एक बैठक की थी।
दिल्लीवालों ने अरविंद केजरीवाल पर इतना प्यार लुटाया कि विधानसभा की 62 सीटें उनके नाम कर दीं। इस लगातार तीसरी जीत में AAP की सीटें 2015 के मुकाबले महज 5 ही कम रहीं। वहीं, बीजेपी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकी और सीटों की संख्या 3 से बढ़ाकर 8 तक ही ले जा पाई। कांग्रेस का इस बार भी खाता नहीं खुला।
दिल्ली चुनाव के नतीजों के बाद आप नेता प्रीति शर्मा मेनन ने कहा है कि महाराष्ट्र में, हम स्थानीय निकाय चुनावों में हिस्सा लेंगे और यहां एक संगठन खड़ा करेंगे। मैं वास्तव में चाहती हूं कि दिल्ली मॉडल को वर्तमान महाराष्ट्र सरकार द्वारा भी अपनाया जाए और यदि वे हमसे कोई सहायता चाहते हैं, तो हमें मदद करने में खुशी होगी।

प्रीति शर्मा मेनन (फाइल फोटो)

बता दें कि आम आदमी पार्टी की नैशनल इग्जेक्युटिव मेंबर और राष्ट्रीय प्रवक्ता मुंबई की प्रीति मेनन ने पार्टी की कई जिम्मेदारियां निभाई हैं, चाहे वो देश के बाहर विंग बनाना हो या फंड बढ़ाना या सोशल मीडिया संभालना। इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन के साथ उन्होंने पार्टी के लिए काम करना शुरू किया और कई वरिष्ठ नेताओं और कॉन्ट्रैक्टर्स के भ्रष्टाचार को भी उजागर किया।