ब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमुंबई शहर

शाहरुख खान का बंगला देखने मुंबई पहुंचे तीन दोस्तों ने चुराया टेंपो, पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख का बंगला ‘मन्नत’ देखने की तमन्ना को पूरा करने तीन दोस्त मुंबई पहुंच गए। बांद्रा पश्चिम स्थित ‘मन्नत’ को देखने और पाली हिल रोड इलाके में पिकनिक करने में उनका सारा पैसा खर्च हो गया। वापस जाने के लिए जब पैसा नहीं बचा तो टेंपो चुरा लिया। आरोपितों की पहचान हरियाणा निवासी पवन शर्मा, राजू गौतम और संतोष सेन के रूप में हुई है। वे अलग अलग काम से हरिद्वार गए थे। वहीं तीनों ने मुंबई जाने का प्लान बनाया।
पुलिस के मुताबिक, तीनों दोस्त शनिवार को ट्रेन से मुंबई पहुंचे। उन्होंने शाहरुख और सलमान के बंगले की तस्वीरें खींची। सैर सपाटा में उनका सारा पैसा ख़त्म हो गया और घर वापस जाने के लिए पैसा नहीं बचा। तभी उन्हें एक टेंपो दिखा जिसमें चाबी लगी हुई थी। ड्राइवर आसपास नहीं दिखा तो उन्होंने टेंपो को स्टार्ट किया और फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि टेंपो चालक नदीम शेख टेंपो को बांद्रा थाने के बाहर खड़ा कर खाना खाने गया था। जब चालक वापस लौटा तो देखा टेंपो वहां नहीं है। फिर उसने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों से पता चला कि तीन युवक टेंपो चुराकर कुर्ला के रास्ते गुजरात की ओर बढ़ रहे थे। टेंपो मालिक को फोन पर फास्टैग मैसेज मिलने के बाद पुलिस ने नवसारी में तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे शाहरुख खान के प्रशंसक हैं। शाहरूख का बंगला देखने मुंबई आए थे। उन्होंने मन्नत की तस्वीरें भी लीं और बाद में पाली हिल रोड पर पिकनिक की। पैसा खत्म होने पर घर जाने के लिए टेंपो को चुराया।