Uncategorisedब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्यसामाजिक खबरें

सायन-कोलीवाड़ा के शिव मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़, लगे बम-बम भोले के जयकारे

मुंबई: सायन-कोलीवाड़ा में मंगलवार को महाशिवरात्रि का पावन पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। आज तड़के सुबह से ही जलार्चन के लिए शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा था। नीलकंठ महादेव मंदिर पर बड़ी संख्या में महिलाओंं व युवतियोंं ने पूजन-अर्चन कर भोलेबाबा से अपनी मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद मांगा। महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों ने भी शिवजी की विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना की। पूरा प्रांगण बम-बम भोले, हर-हर महादेव, ओम नमः शिवाय के उद्घोष से गुंजयमान हो उठा।
यहां बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने लम्बी कतारों में लगकर भोले बाबा को पंचामृत से स्नान करा अभिषेक कर चंदन लगाया और बेलपत्र, आक, धतूरा सहित भोग के रूप में प्रसाद चढ़ा, पूजा-अर्चना कर भगवान से मनौती मांगी।
इस अवसर पर मंदिर के व्यवस्थापक व महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रभाग 175 के अध्यक्ष राजाराम हिनकुले ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पारंपरिक शिवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। स्थानीय पुलिस प्रशासन और सामाजिक कार्यकर्ताओं का भरपूर सहयोग मिला। इसके लिए सभी सहयोगियों का हम आभार व्यक्त करते हैं।

हरि मंदिर और गांधिया महादेव मंदिर में उमड़ी शिव भक्तों की भीड़
बड़ी संख्या में लोग कतार में लगकर अपने नंबर आने की प्रतीक्षा में नजर आए, महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों ने भी भगवान शिव की विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना की। इस दौरान कई मंदिरों में प्रसादी वितरण व भंडारे का भी आयोजन किया गया था।