ब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमुंबई शहर

सिद्धांत वीर सूर्यवंशी की अंतिम यात्रा में शामिल हुए टीवी स्टार्स, परिजनों ने नम आंखों से दी विदाई

मुंबई: नामचीन टीवी एक्टर सिद्धांत वीर सूर्यवंशी का निधन हो गया है। 46 साल के सिद्धांत को शुक्रवार को मुंबई के एक जिम में वर्कआउट के दौरान हार्टअटैक आया था। सिद्धांत वर्कआउट करते हुए बेहोश हो गए थे। ट्रेनर और जिम में मौजूद लोगों ने उन्हें होश में लाने की कोशिश की, लेकिन जब उन्होंने रिस्पॉन्स नहीं किया तो तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई थी। एंबुलेंस से सिद्धांत सूर्यवंशी को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल ले जाया गया, जहां एक घंटे के इलाज के बाद डॉक्टर्स ने उन्हें 12.31 पर मृत घोषित कर दिया। वे कुसुम, कसौटी जिंदगी की, कृष्णा-अर्जुन, जमीन से आसमान तक, क्या दिल में है, गृहस्थी जैसे कई टीवी शोज का हिस्सा रहे हैं। आखिरी बार इन्हें ‘जिद्दी दिल माने ना’ शो में देखा गया था। कोकिलाबेन अस्पताल वालों ने ही ओशिवारा पुलिस स्टेशन में सिद्धांत के निधन की सूचना दी। शनिवार को अभिनेता का अंतिम संस्कार सांताक्रूज पुलिस स्टेशन के पास स्थित शमशान घाट पर किया गया। इस प्रक्रिया को उनकी बेटी ने किया। सिद्धांत की पत्नी अलेशिया राउत और परिवार के सदस्य इस दौरान मौजूद रहे।

फिटनेस फ्रीक थे, फैंस को मोटिवेट करते थे
सिद्धांत सूर्यवंशी फिटनेस फ्रीक थे। वे रेगुलरली जिम जाया करते थे। वहीं, सोशल मीडिया पर अक्सर अपने वर्कआउट वीडियो शेयर कर फैंस को मोटिवेट करते रहते थे। शुक्रवार को इसी तरह जिम में वर्कआउट के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसने उनकी जान ले ली।

आनंद के नाम से भी फेमस थे सिद्धांत
सिद्धांत वीर सूर्यवंशी का जन्म 15 दिसंबर 1975 को मुबंई में हुआ था। उन्होंने बतौर मॉडल अपने करियर की शुरूआत की थी। सिद्धांत ने सीरियल ‘कुसुम’ से अपना टीवी डेब्यू किया था। इसके अलावा उन्होंने ‘कसौटी जिंदगी की’, ‘कृष्णा अर्जुन’, ‘क्या दिल में है’ जैसे कई पॉपुलर टीवी शोज में काम किया। सिद्धांत को आनंद सूर्यवंशी के नाम से भी जाना जाता है।

सिद्धांत अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। उन्होंने दो शादियां की थीं। उनकी पहली शादी इरा नाम की लड़की से हुई। हालांकि, दोनों का रिश्ते साल 2015 में टूट गया। इसके बाद सिद्धांत ने अलेसिया नाम की रशियन मॉडल का हाथ थामा। सिद्धांत को पहली शादी से एक बेटी थी और दूसरी शादी से उन्हें एक बेटा हुआ।