दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा- ‘महाविकास आघाडी सरकार’ बनाने में अहमद पटेल की थी अहम भूमिका

मुंबई: सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल महाराष्ट्र की राजनीति में भी दखल रखते थे। राज्य के कई कांग्रेस नेताओं के गॉड फादर पटेल ने राज्य की ‘महाविकास आघाडी सरकार’ के गठन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके निधन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सहित कांग्रेस-राकांपा नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद जब राज्य में शिवसेना के नेतृत्व में सरकार बनने की चर्चा शुरु हुई, तो उसी समय दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेता नितीन गडकरी के अहमद पटेल से मुलाकात के बाद महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई थी। राज्य सरकार में कांग्रेस के शामिल होने के सरकार में पार्टी की भागीदारी तय करने में पटेल ने ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके लिए वे खुद मुंबई आए थे और विभागों के बंटवारे को लेकर हुई बैठकों में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व किया था। महाराष्ट्र में तीन दलों की सरकार चला रहे सीएम उद्धव ठाकरे सीधे अहमद पटेल के सम्पर्क में रहते थे। श्री पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा कि अहमद पटेल के निधन से कांग्रेस ने अपना ‘चाणक्य’ गवा दिया है। राज्य में महाविकास आघाडी सरकार बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण थी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व राज्य के पीडब्लूडी मंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि अभी कुछ दिनों पहले मेरी उनसे मुलाकात हुई थी। उनकी सेहत सुधर रही पर अचानक उनका जाना काफी पीड़ादायक है।

अहमदभाई ने दी थी बहुमूल्य सलाहः नितीन राऊत
राज्य के ऊर्जामंत्री नितीन राऊत ने अहमद पटेल को याद करते हुए कहा कि मंत्री बनने के बाद मैं उनसे मिलने गया था। अहमद भाई ने मुझे एक बहुमूल्य सलाह दी थी। वे मुझसे बोले कि अब आप मंत्री बन गए तो बहुत से लोग आपको बहुत काम बताएंगे। हो सकता हैं मैं भी कभी किसी के काम के लिए बोलू पर एक बात ध्यान रखना, वहीं काम करना जो नियमों के तहत हो। काम न होने लायक हो तो तुरंत मना कर देना। क्योंकि नियमों के विपरित कोई काम करने पर जब कभी आप मुश्किल में पड़ोंगे तो कोई आप के साथ नहीं खड़ा रहेगा। राऊत ने कहा कि अहमदभाई के निधन से कांग्रेस परिवार की अपूर्णनिय क्षति हुई है।

‘मैं हूं ना’
ठीक एक साल पहले की बात है। महाराष्ट्र में नाटकीय घटनाक्रम में बीजेपी-शिवसेना का गठबंधन टूट गया था। शिवसेना एनसीपी और कांग्रेस की मदद से सरकार बनाने की कोशिश कर रही थी। लेकिन कांग्रेस असमंजस में थी। मुंबई-दिल्ली के बीच मामला अटका हुआ था। बीच में ऐसा वक्त आ गया जब यह कोशिश भी लगभग विफल हो गई थी। चंद घंटे की बात थी और कांग्रेस-शिवसेना-एनसीपी का गठबंधन बनने से पहले टूटने वाला था। कांग्रेस के अंदर कई तरह का मतभेद था। तभी कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने अहमद पटेल से बात की। उस बात के चंद घंटे के बाद सब कुछ साफ हो गया। दिल्ली से मुंबई तक गठबंधन पटरी पर आ गया और राज्य में सरकार अब तक चल रही है। जब कोई राजनीतिक मसला फंस जाए या कांग्रेस के अंदर कोई सियासी संकट आया हो, ऐसे सभी मसलों पर पिछले दो दशक से भी अधिक समय से अहमद पटेल पार्टी के लिए ‘मैं हूं ना’ बने हुए थे।

पार्टी को कई बार मंझधार से निकाला
अनगिनत मसलों पर पार्टी को मंझधार से निकालने वाले पटेल जब बुधवार को अंतिम यात्रा पर निकले तो पार्टी के लिए उनकी जगह को भरना एक असंभव सा होगा। तमाम खेमों में बंटी कांग्रेस में कोई मीटिंग प्वाइंट था तो वह दिल्ली स्थित अहमद पटेल का घर था। देर रात को उनके यहां होने वाली मीटिंग में कई सियासी फैसलों की पटकथा लिखी गई। इसी सरल जब राजस्थान में गहलोत सरकार लगभग गिर गई थी तब अहमद पटेल को ही चीजों पर पटरी पर लाने का जिम्मा दिया गया और सभी बागी विधायक हरियाणा के होटल से निकले तो उनमें कुछ सबसे पहले अहमद पटेल से ही मिलने पहुंचे थे।

यूपीए के 10 सालों के शासन में मजबूत स्थिति में रहे पटेल
जब डॉ मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए दस सालों तक सत्ता में थी तब अहमद पटेल पार्टी के अंदर सबसे मजबूत थे। कांग्रेस अध्यक्ष और यूपीए संयोजक सोनिया गांधी की राजनीतिक सलाहकार के अलावा वह सबसे बड़े रणनीतिकार भी थे। जब कई राज्यों में कांग्रेस की सत्ता थी जो मुख्यमंत्रियों की तकदीर अहमद तय करते थे। एपी के नाम से मशहूर अहमद पटेल का पार्टी के अंदर इस वजूद की सबसे बड़ी वजह यह रही कि पिछले चार दशकाें के दौरान उन्होंने अपनी सीमा को समझा। पार्टी के एक सीनियर नेता ने कहा कि उनकी सही समझ ने उन्हें असीमित शक्ति दी।

गांधी परिवार के ताउम्र विश्वसनीय बने रहे
राजीव गांधी के गुड बुक में आने के बाद वह ताउम्र गांधी परिवार के सबसे विश्वासी बन गए। जब नब्बे के दशक में नरसिंह राव और सोनिया गांधी की दूरी बन गयी तो अहमद पटेल उसे पाटने के लिए पुल बनते थे। बाद में जब सोनिया गांधी सक्रिय राजनीति में आयी और पार्टी अध्यक्ष बनी तो दूसरे नेताओं तक पहुंचने के लिए वह पुल बने। 2003 में जब आम चुनाव से ठीक पहले जब सोनिया गांधी को यूपीए बनाने के लिए क्षेत्रीय दलों के साथ की जरूरत पड़ी तब भी अहमद पटेल पुल बने। उन्हें जो जिम्मेदारी मिलती गयी वह उसे पूरा करते रहे। बदले में अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को कभी उभरने नहीं दिया। नतीजा निकला कि सोनिया गांधी ने उन्हें लभग अपनी सारी ताकत दे रखी थी। पार्टी में वही होता था जो एपी चाहते थे।
अहमद पटेल कभी केंद्र में मंत्री नहीं बने और वह जो करते सोनिया को विश्वास में लेकर करते। कुछ मौकों पर उनकी सलाह को दरकिनार भी किया गया लेकिन उन्होंने इसका बुरा नहीं माना। कहा गया कि यूपीए सरकार के बाद के दिनों में कुछ नेता मजबूत हो गये थे और वे अहमद पटेल वाले रूट को मानने से मानने में हिचकते थे। तब भी इसका बुरा नहीं माना। लेकिन पहली बार अहमद पटेल तब असहज हुए जब पार्टी के अंदर न सिर्फ नेतृत्व बल्कि जनरेशन परिवर्तन भी हुआ।

राहुल के नेतृत्व में पूछ हुई कम
राहुल गांधी के अध्यक्ष पद संभालने के बाद उनकी पूछ अपेक्षाकृत कम हुई। लेकिन अहमद पटेल तब भी पहले की तरह अपनी सीमाओं को समझ कर बिना शिकायत टिके रहे। नतीजा यह हुआ कि हाल के समय में जब राहुल गांधी के दोबारा अध्यक्ष बनने की बात उठी है,अहमद पटेल पहले की अपेक्षा उनके अधिक करीब हो गये थे। 1977 में मात्र 31 साल की उम्र में जनता लहर के बीच गुजरात चुनाव जीतने वाले अहमद पटेल लगातार तीन बार जीते। लेकिन1989 में गुजरात में लोकसभा चुनाव हारने के बाद वह दिल्ली में पार्टी के सबसे विश्वासी खिलाड़ी बने रहे। अभी भी जब पार्टी सबसे खराब दौर से गुजर रही है, कई खेमों में बंटती दिख रही है, विभाजन का खतरा झेल रही है, शीर्ष नेताओं से लेकर जूनियर नेताओं तक एक ही आवाज आती थी-‘अहमद भाई’ जल्द ठीक होकर आएंगे, सब ठीक हो जाएगा। लेकिन अहमद पटेल ठीक होकर नहीं लौटे। पार्टी के ‘मैं हूं ना’ अहमद पटेल का सहारा अब नहीं रहा। अब इसे अपनी जंग खुद लड़नी होगी।