ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

सीएम एकनाथ शिंदे का ऐलान- मुंबई में जल्द खोले जाएंगे 227 फ्री हेल्थ सेंटर

मुंबई: मुंबईकरों के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। दरअसल, जल्द ही मुंबई में लोग फ्री हेल्थ सेंटर पर कई टेस्ट बिना पैसा खर्च किए करा सकेंगे। मंगलवार को राज्य के मुखिया एकनाथ शिंदे ने ऐलान किया कि मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में 227 फ्री हेल्थ सेंटर खोले जाएंगे। इसकी शुरूआत 2 अक्टूबर से 50 केंद्रों के शुभारंभ के साथ की जाएगी। इन क्लीनिकों को हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे डिस्पेंसरी और पॉलीक्लिनिक कहा जाएगा।
बीएमसी अधिकारियों के मुताबिक, इन सेंटरों पर कम से कम 139 मेडिकल टेस्ट फ्री में किए जाएंगे, जो बीएमसी द्वारा संचालित किए जाएंगे। इन हेल्थ सेंटरों में भी 34 पॉलीक्लिनिक होंगे। अधिकारी ने बताया कि क्लीनिक दो फॉर्मेट में (पोर्टकैबिन और कंक्रीट निर्माण) संचालित होंगे।

मीटिंग के बाद एक अधिकारी ने कहा कि प्रति 25-30 हजार लोगों पर एक क्लिनिक होगा। इस क्लिनिक का समय मरीजों की सुविधा के मुताबिक, दो सत्रों में सुबह 7 बजे से 2 बजे तक और दोपहर 3 से 10 बजे तक चालू रखा जाएगा। क्लीनिक में एक एमबीबीएस डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट और मल्टी पर्पज कार्यकर्ता होंगे।
अधिकारी ने आगे कहा कि पॉलीक्लिनिक 2.5 लाख से 3 लाख की आबादी को पूरा करेगा और इसके लिए मरीजों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना पड़ेगा।
गौरतलब है कि इन क्लिनिक के खुलने से गरीब लोगों को काफी राहत मिलेंगी। अक्सर कई टेस्ट महंगे होने की वजह से गरीब जनता नहीं करा पाती हैं, लेकिन इन फ्री हेल्थ सेंटर पर बिना पैसा दिए टेस्ट कराए जा सकते हैं।