eknath shinde cm of maharashtra
मुंबई: मुंबई शहर में बन रही महत्वाकांक्षी तटीय सड़क का नाम छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर रखा जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने छत्रपति शिवाजी महाराज के ज्येष्ठ पुत्र संभाजी महाराज की 366वीं जयंती मनाने के लिए यहां गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित एक कार्यक्रम में यह बात कही।
सीएम शिंदे ने कहा कि तटीय सड़क मुंबई की जीवन रेखा है और हम इसका नाम ‘छत्रपति संभाजी महाराज’ के नाम पर रखने जा रहे हैं। हम इस सड़क पर संभाजी महाराज की प्रतिमा भी लगाएंगे।बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा बनाई जा रही तटीय सड़क के तहत मौजूदा बांद्रा वर्ली सी लिंक के माध्यम से दक्षिण मुंबई में मरीन ड्राइव क्षेत्र को पश्चिमी उपनगर कांदिवली से जोड़ने का प्रस्ताव है। इससे मुंबई के उत्तरी क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहनों के दबाव के कम होने की उम्मीद है। इससे पहले, सुर सम्राज्ञी लता मंगेशकर के परिवार के सदस्यों ने महाराष्ट्र सरकार से उनके नाम पर तटीय सड़क का नाम रखने का अनुरोध किया था।

मुख्यमंत्री शिंदे ने यह भी कहा कि छत्रपति संभाजी महाराज जयंती महोत्सव देशभर में मनाया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक समारोह को भी भव्य बनाने की तैयारी कर रही है। इस मौके पर पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
