महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: भाजपा का सबसे अमीर उम्मीदवार, संपत्ति जानकर चौंक जाएंगे आप...!

मुंबई, मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढा ने अपने चुनावी हलफनामे में 441 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है। वह महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मालाबार हिल सीट से बीजेपी के उम्मीदवार हैं। दक्षिण मुंबई के पॉश मालाबार हिल विधानसभा सीट से पांच बार के विधायक लोढा लगातार छठी बार चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने मंगलवार को यहां नामांकन दाखिल किया।
लोढा द्वारा दायर हलफनामे के मुताबिक वह और उनकी पत्नी के पास 252 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति और करीब 189 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। विधायक के पास 14 लाख रुपये की एक जगुआर कार और बांड एवं शेयर में अन्य निवेश हैं। लोढा का परिवार रियल इस्टेट के व्यवसाय में है और दक्षिण मुंबई में उनके पांच फ्लैट हैं। उनका राजस्थान में एक प्लॉट भी है। लोढ़ा और उनकी पत्नी के पास मालाबार हिल इलाके में भी एक मकान है। इसके अलावा उनकी पत्नी के पास एक अन्य फ्लैट तथा दक्षिण मुंबई में एक व्यावसायिक संपत्ति भी है। हलफनामे के मुताबिक लोढा पर पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और वोटों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी।
