महाराष्ट्र लॉकडाउन: मुंबई से यूपी जाने का प्रयास, 24 प्रवासी मजदूर गिरफ्तार

मुंबई: मुंबई के उपनगर सांताक्रूज में बुधवार को सुबह लॉकडाउन के दौरान यात्रा कर रहे 25 प्रवासी मजदूरों को गिरफ्तार कर लिया गया। लॉकडाउन की अवधि तीन मई तक बढ़ाए जाने के एक दिन बाद ये प्रवासी मजदूर एक मिनी ट्रक में छिपकर मुंबई से उत्तर प्रदेश जाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने यह जानकारी दी।
गौरतलब है कि 24 मार्च को लागू लॉकडाउन के कारण मुंबई में फंसे सैकड़ों प्रवासी मजदूर मंगलवार को अपने मूल राज्य जाने के लिए परिवहन सुविधा की मांग करते हुए बांद्रा रेलवे स्टेशन के बाहर जमा हो गए थे। उन्हें आशा थी कि उन्हें उनके घर पहुंचाने के लिए विशेष ट्रेनें संचालित की जाएंगी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सांताक्रूज के मीरा बाग इलाके में गश्त कर रही पुलिस की एक टीम ने संदेह के आधार पर एक वाहन को रोका और उसकी जांच की। उन्होंने बताया, उस मिनी ट्रक के अंदर 25 प्रवासी मजदूर मिले। उन सभी को पुलिस थाने ले जाया गया। सांताक्रूज के भैया वाड़ी में रहने वाले ये सभी मजदूर लॉकडाउन की अवधि बढ़ने के कारण बेहद सदमें में थे। अधिकारियों ने बताया कि ये सभी दिहाड़ी मजदूर हैं और मुंबई में अलग-अलग काम कर अपनी आजीविका चलाते हैं। ये सभी मजदूर अपने-अपने घर जाना चाहते हैं।
