मुंबई , टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के गुरु रमाकांत आचरेकर का 87 साल की उम्र में निधन हो गया है। आज आचरेकर का अंतिम संस्कार मुंबई के शिवाजी पार्क में किया गया।

बता दें कि यह वही मैदान है जहां आचरेकर ने सचिन तेंदुलकर के अलावा विनोद कांबली, अजीत अगरकर, प्रवीण आमरे जैसे दिग्गजों को क्रिकेट के गुर सिखाए। आचरेकर की अंतिम यात्रा में उनके दो सबसे करीबी शिष्य सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली भी पहुंचे। आचरेकर की शव यात्रा में सचिन ने कंधा भी दिया। वहीं अंतिम संस्कार के दौरान सचिन तेंदुलकर के आंसू भी छलक उठे। आचरेकर के अंतिम संस्कार में कई बड़ी हस्तियों ने हाजिरी दी। इसमें महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे, मुंबई के मेयर विश्वनाथ महाडेश्वर, भाजपा विधायक आशीष शेलार और शिवसेना के कई बड़े नेता मौजूद थे। आचरेकर का बुधवार को मुंबई निवास स्थान पर निधन हो गया था ।
