कोरोना संकट: मुंबई में आवाजाही के लिए 2 किलोमीटर के दायरे की पाबंदी हटी

मुंबई: राज्य की उद्धव सरकार ने महानगर में आवाजाही के लिए 2 किलोमीटर के दायरे की पाबंदी हटा ली है। मुंबई शहर और मुंबई उपनगर के पालक मंत्रियों असलम शेख और आदित्य ठाकरे को सरकार ने मुंबई के लिए बिना किसी कन्फ्यूजन वाली स्पष्ट गाइडलाइंस तय करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
दो दिनों में आएगी स्पष्ट गाइडलाइन
दोनों मंत्री आपस में सलाह करके अगले 2 दिनों में मुंबई के लिए स्पष्ट गाइडलाइंस निर्धारित करेंगे और सरकार उसका नोटिफिकेशन जारी करेगी। शनिवार को मुख्यमंत्री के साथ दोनों पालक मंत्रियों और मुंबई महानगर पालिका तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में यह फैसला किया गया।
सरकार की चाहती है न रहे कोई कन्फ्यूजन
बैठक के बाद मुंबई शहर के पालकमंत्री असलम शेख ने बताया कि ‘कोरोना महामारी के दौरान कई बार गाइडलाइंस बनाई गई हैं। कोई कन्फ्यूजन न रहे, इसके लिए मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में लागू होने वाले नियमों, शर्तों, पाबंदियों और रियायतों के बारे में साफ-सुथरी गाइडलाइंस जारी किए जाने की जरूरत सरकार ने महसूस की है।’
2 किलोमीटर के दायरे में खरीदारी का आदेश होगा संशोधित
पालकमंत्री ने कहा, नई गाइडलाइंस में यातायात, सार्वजनिक परिवहन, दुकानों के खुलने और बंद होने के बारे में सब कुछ साफ निर्धारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2 किलोमीटर के दायरे में खरीदारी करने का जो आदेश पिछले दिनों पुलिस ने जारी किया था, उसे भी संशोधित करने का फैसला किया गया है।

विवाद की वजह बनी थी पाबंदी
बता दें कि 2 किलोमीटर के दायरे में रहकर दुकानदारी व खरीदारी करने का मुंबई पुलिस का फैसला सरकार में विवाद की वजह बन रहा था। इस फैसले के तहत पुलिस ने हजारों वाहन जब्त कर लिए हैं और काफी लोगों से जुर्माना भी वसूला है। इसीलिए इस फैसले का जमकर विरोध हुआ। अब विपक्ष ने यह सवाल उठाया है कि जब्त वाहनों और वसूला गए जुर्माने का क्या होगा?
