मुंबई: बिना मास्क घूमने वालों के खिलाफ BMC की मुहिम शुरू, पहले दिन नहीं मिला अपेक्षाकृत प्रतिसाद?
मुंबई: मुंबई में बिना मास्क लगाए सार्वजनिक जगहों पर घूमने वालों के खिलाफ शुरू की गई मुहिम में पहले दिन मुंबई मनपा (बीएमसी) को अपेक्षाकृत सफलता नहीं मिली। इसका कारण संबंधित अधिकारियों की उदासीनता बताई जा रही है। पहले दिन मुंबई महानगरपालिका ने 4 हजार 369 लोगों से मास्क न पहनने पर जुर्माना वसूला जबकि लक्ष्य रोजाना 20 हजार लोगों से जुर्माना वसूलने का था। जुर्माने के तौर पर 8 लाख 73 हजार रुपए वसूल किए गए। बता दें कि महानगर में सार्वजनिक ठिकानों पर मास्क न पहनने वालों से 200 रुपए जुर्माना वसूलने का प्रावधान है।
महानगरपालिका आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने एक महीने तक यह मुहिम चलाने का ऐलान करते हुए महानगर में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न पहनने वालों की बड़ी संख्या को देखते हुए संबंधित कर्मचारियों को रोजाना 20 हजार लोगों से जुर्माना वसूलने का लक्ष्य दिया था। हालांकि आम दिनों के मुकाबले मुहिम के पहले दिन चार गुना ज्यादा जुर्माना वसूला गया। अब तक महानगर में रोजाना औसतन 950 लोगों से मास्क न पहनने पर जुर्माना वसूल किया जाता था जबकि अभियान शुरू होते ही यह आंकड़ा 4300 से ऊपर पहुंच गया। मुंबई महानगरपालिका ने शहर में बिना मास्क पहने सार्वजनिक स्थानों पर धूमने वालों के खिलाफ 980 लोगों की टीम बनाई है जो अप्रैल महीने से अब तक 38 हजार 866 लोगों से एक करोड़ 5 हजार रुपए से ज्यादा जुर्माना वसूल चुकी है।
मुंबई में 2 लाख 27 हजार से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं जबकि 9300 लोगों की इस बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। हालांकि संक्रमण के मामलों में अब कमी आ रही है और फिलहाल महानगर में कोरोना संक्रमण के 22 हजार 369 मामले हैं। औसत मृत्युदर भी 4.90 से घटकर 4.14 फीसदी हो गई है। कोरोना से उबरने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है और एक महीने में यह 74 फीसदी से बढ़कर 85 फीसदी तक पहुंच गई है। टेस्ट भी लगातार बढ़ रहे हैं और अब तक महानगर में 12 लाख 61 हजार लोगों की कोरोना संक्रमण के लिए जांच की जा चुकी है।
