उत्तर प्रदेशपुणे एक लाख का इनामी यूपी के पूर्व विधायक विजय मिश्रा का फरार बेटा ‘विष्णु’ पुणे से गिरफ्तार, गैंगरेप मामले में 2 साल से था फरार 25th July 202225th July 2022 Network Mahanagar 🔊 Listen to this भदोही: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़ी सफलता के साथ रविवार देर रात महाराष्ट्र के पुणे से पूर्व विधायक और बाहुबली नेता विजय मिश्रा के बेटे विष्णु मिश्रा को गिरफ्तार किया है। वर्ष 2020 में भदोही जिले में दर्ज सामूहिक दुष्कर्म मामले में नामजद होने के बाद विष्णु पर एक लाख रुपये का इनाम था। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था, ताकि वह विदेश भाग न सके। विष्णु मिश्रा पिछले दो साल से फरार था। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर उत्तर प्रदेश लाया जाएगा। एसटीएफ ने एक प्रेस रिलीज में कहा, विष्णु के खिलाफ एक रिश्तेदार की फर्म को हथियाने और भदोही में सामूहिक दुष्कर्म के मामले दर्ज हैं। एक कृष्ण मोहन तिवारी की फर्म और बिल्डिंग हथियाने के लिए अगस्त 2020 में, विष्णु, उनके पिता और उनकी मां रामलली मिश्रा के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था, जो एक पूर्व एमएलसी भी हैं। सितंबर 2020 में वाराणसी के जैतपुरा क्षेत्र की गायिका ने एफआईआर में बताया था कि बाहुबली विजय मिश्रा, उसके बेटे विष्णु और नाती ने जनवरी 2014 से दिसंबर 2015 के बीच उसके साथ गैंगरेप किया था। पुलिस ने 14 अगस्त 2020 को मध्य प्रदेश के आगर जिले से विजय मिश्रा को गिरफ्तार किया था। फिलहाल, वह आगरा जेल में बंद है, जबकि उसकी पत्नी रामलली मिश्रा जमानत पर बाहर है। विजय मिश्रा पर 70 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और 10 मामलों की सुनवाई एमपी/एमएलए अदालत में चल रही है। उन्होंने 2012 के चुनाव सहित लगातार तीन बार ज्ञानपुर विधानसभा सीट जीती थी, जिसमें वह जेल से चुनाव लड़े थे। विष्णु मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद भदोही के एसपी अनिल कुमार ने कहा कि आरोपी विष्णु पर गैंगरेप और धोखाधड़ी जैसे कई गंभीर आरोप हैं। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। आखिरकार पुलिस को सफलता हाथ लगी है। एसपी ने बताया कि आरोपी विष्णु मिश्रा पर पहले 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया। एजेंसी के मुताबिक पुलिस ने बताया कि चार बार के पूर्व विधायक विजय मिश्रा को साल 2020 में मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था। उनके रिश्तेदार कृष्ण मोहन तिवारी ने उन पर संपत्ति हड़पने, धोखाधड़ी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। विजय मिश्रा फिलहाल, आगरा जेल में बंद है।जबकि, उसकी पत्नी रामलल्ली मिश्रा ने हाईकोर्ट से जमानत ले ली है। Post Views: 136