मुंबई: मुंबई की नेहरू नगर पुलिस ने 3 ऐसी महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिन पर कथित रूप से किसी एक महिला की हत्या करने और बाद में उसकी बॉडी को बोरे में भरकर ठिकाने लगाने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि 5 अक्टूबर को उन्हें नेहरू नगर के बंटर भवन के सामने नाले में एक अधेड़ उम्र की महिला का शव आंशिक रूप से क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। शव को देखने से लग रहा था कि महिला की हत्या बड़े ही निर्मम तरीके से की गई है। उसके गले में किसी धारदार हथियार जैसे चाकू से कटने के भी निशान थे।

मामले की जांच कर रही एक पुलिस अधिकारी ने कहा, नेहरू नगर की पुलिस ने गुन्हा क्र. 521/2022 भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) , 201 (साजिश) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला ताकि इनसे उनके हाथ कुछ सुराग लग सके। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान एक आरोपी मिलन पवार (25) की पहचान की गई।
मिलन को शक था कि उसके पति का मृत महिला के साथ अवैध सम्बन्ध है। इसके बाद वह अपनी बहन शिल्पा पवार और दोस्त प्रज्ञा उर्फ़ डॉली भालेराव के साथ मिलकर कथित तौर पर महिला की हत्या कर दी। इसके बाद इन्होंने शव को एक बोरे में भरकर आटो की मदद से कुर्ला लेकर गए और वहां पहुंचकर इसे एक नाले में फेंक दिया।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीन में से दो आरोपी नजर आए। इनसे जब पूछताछ की गई तो तीसरे के भी मामले में शामिल होने का पता चला। इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने महज 48 घंटे में ही ये गुत्थी सुलझा ली है, आगे की जांच जारी है।
