महाराष्ट्र ग्राम पंचायत चुनाव
जलगांव: महाराष्ट्र के जलगांव जिले से चौंकाने वाली एक खबर सामने आई है। जहां ग्राम पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद दो गुट आमने-सामने आ गए। चुनाव परिणाम के बाद एक गुट जब अपनी जीत का जश्न मना रहा था तभी दूसरे गुट के कार्यकर्ता वहां आ धमके और दोनों पक्षों में झड़प हो गई। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी हुई। घटना में एक बीजेपी कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्भाग्य से अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जामनेर तालुका के टाकली खुर्द गांव में ग्राम पंचायत चुनाव जीतकर भगवान के दर्शन के लिए जाते समय अचानक हुए पथराव में एक बीजेपी कार्यकर्ता की मौत हो गई। मृतक कार्यकर्ता की पहचान धनराज श्रीराम माली के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि हराने वाले गुट के लोगों ने पथराव किया और उस पथराव में धनराज माली की मौत हो गई।
बता दें कि जामनेर तालुका के टाकली खुर्द गांव में पंचायत चुनाव के नतीजे आज घोषित हुए। इस चुनाव में बीजेपी कार्यकर्ता एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में उतरे थे। इस चुनाव में धनराज माली के भाई जितेंद्र माली सरपंच पद के लिए खड़े हुए थे। आरोप है कि जीत के बाद गांव में देवी के मंदिर में दर्शन के लिए जाते समय अचानक कुछ लोगों ने धनराज माली व उनके साथ मौजूद अन्य लोगों पर पथराव शुरू कर दिया।
इस बीच कथित तौर पर कुछ लोगों ने विजय जुलूस पर लाठी-डंडों से भी हमला किया। बताया जा रहा है कि सिर पर पत्थर लगने से धनराज माली गंभीर तौर पर घायल हो गए। जिन्हें तत्काल जामनेर के उपजिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी और करीब 20-25 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल है और मृतक के गांव में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
बता दें कि जलगांव के 123 ग्रामपंचायतों का रिजल्ट आज सामने आ रहा है। जलगांव के इन ग्राम पंचायतों के 899 सीटों के लिए चुनाव हुए हैं। इनमें से 784 ग्राम पंचायतों के सदस्यों के लिए और 115 सरपंचों के लिए चुनाव हुए हैं।
