Mumbai Crime News
मुंबई: शिक्षा का मंदिर कहे जाने वाले एक स्कूल में हैवानियत की हद पार करने वाले स्कूल के चपरासी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चपरासी को पिछले 3 महीनों में स्कूल परिसर के अंदर आठ साल की एक लड़की से कई बार कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया गया। लोअर परेल का रहने वाला है 39 वर्षीय आरोपी पिछले कुछ सालों से स्कूल में काम कर रहा है। पुलिस ने कहा कि लड़की को आरोपी ने धमकी दी थी, इसलिए उसने घटना के बारे में किसी को नहीं बताया।
हालाँकि, हाल ही में वह ठीक से चल नहीं पा रही थी जिसके बाद उसका परिवार उसे अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टरों ने माता-पिता को बताया कि उसके साथ यौन उत्पीड़न हुआ है और इसके बाद लड़की ने उन्हें सारी बात बताई। अधिकारियों ने उसके माता-पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी चपरासी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, चपरासी कथित तौर पर दिसंबर 2023 और मार्च 2024 के बीच नाबालिग लड़की को स्कूल के भूतल की सीढ़ी के नीचे स्थित स्टोर रूम में ले गया, उसकी पिटाई की और उसका यौन उत्पीड़न किया। उस व्यक्ति ने कथित तौर पर उसके साथ अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न भी किया।
फिलहाल, स्कूल प्रबंधन और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी ने अन्य बच्चों को भी निशाना बनाया था। चपरासी पर आईपीसी की धारा 376 (एक ही महिला से बार-बार बलात्कार करना), 377 (अप्राकृतिक यौन संबंध), 506 (आपराधिक धमकी) और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम की धारा 6 (गंभीर प्रवेशन यौन हमला) के तहत FIR दर्ज की गई है।
