पुणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

Lonavala: में बड़ा हादसा, झरने में डूबने से महिला और चार बच्चों की मौत!

पुणे: पुणे के लोनावला में मानसून की छुट्टियां मनाने गए एक ही परिवार के 5 लोग भुशी बांध के बैकवॉटर फाल में बह गए। मृतकों में 1 महिला और चार बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह परिवार घूमने के लिए गया था। खबर लिखे जाने तक दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। अन्य शवों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। हादसे के बाद लोगों की भीड़ झरने पर जुट गई। ये वॉटर फाल भूसी बांध के पीछे एक पहाड़ी पर बना हुआ था। इसे रेलवे का झरना कहा जाता है और यह पानी भूसी डैम में प्रवेश करता है।


लोनावला पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार दोपहर करीब तीन बजे हुई जब पिकनिक पर गए पांचों लोग झरने के पास फिसलकर पानी में गिर गए। लोनावला शहर पुलिस टीम और शिव दुर्ग बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटा है। बताया जा रहा है कि भूसी डैम ओवरफ्लो होते ही ये पहला हादसा सामने आया है। जो परिवार पानी में बहा है, वह पुणे के सैय्यद नगर के रहने वाले हैं। जो शव बरामद हुए हैं, उसमें महिला की पहचान शाहीना परवीन के रूप में हुई है। उसकी उम्र 40 साल के लगभग है। वहीं, जिस बच्ची का शव बरामद किया गया है, उसकी उम्र 13 साल बताई जा रही है।
पुणे ग्रामीण एसपी पंकज देशमुख ने बताया कि घटना दोपहर करीब तीन बजे हुई जब पिकनिक पर गए पांचों लोग झरने के पास फिसलकर पानी में गिर गए। मौके पर खोज और बचाव दल पहुंचा है और तलाशी बचाव अभियान जारी है। एसपी के अनुसार, बरामद हुए दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। जल्द बाकी लोगों के शव बरामद कर लिए जाएंगे।