दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

पीएम मोदी ने किया मुंबई में 29,000 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

प्रधानमंत्री बोले- मेरा लक्ष्य महाराष्ट्र को दुनिया की वित्तीय शक्ति बनाना है…
मुंबई को वैश्विक फिनटेक राजधानी बनाना है…

राजेश जायसवाल/मुंबई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले तीन से चार वर्षों में देश में आठ करोड़ नयी नौकरियां उपलब्ध हुईं। पीएम मोदी मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को प्रदर्शनी सेंटर में सड़क, रेलवे और बंदरगाह क्षेत्रों में 29,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत और आधारशिला रखने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आरबीआई ने हाल में रोजगार पर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले तीन-चार वर्षों में लगभग आठ करोड़ नई नौकरियां पैदा हुई हैं। इस आंकड़े ने नौकरियों पर फर्जी खबरें फैलाने वालों को चुप कर दिया है।

पीएम ने कहा कि देश में कौशल विकास और रोजगार की जरूरत है और हमारी सरकार इस दिशा में काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुंबई और उसके आसपास की आगामी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से शहर के आसपास के इलाकों से कनेक्टिविटी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि छोटे और बड़े निवेशकों ने हमारी सरकार के तीसरे कार्यकाल का उत्साहपूर्वक स्वागत किया है। मोदी ने कहा कि मेरा लक्ष्य महाराष्ट्र को दुनिया की सबसे बड़ी वित्तीय शक्ति बनाना और मुंबई को वैश्विक फिनटेक राजधानी बनाना है।

भारत जल्द तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनेगा: PM
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत जल्द तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा। वह मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में इंडियन न्यूजपेपर सोसायटी (आईएनएस) के सचिवालय आईएनएस टावर का उद्घाटन करने के बाद अपने सम्बोधन में कहा कि कैसे भारत डिजिटल भुगतान में अग्रणी बन गया है। मोदी ने कहा कि एक समय था जब कुछ नेता कहते थे कि डिजिटल लेन-देन भारत के लिए नहीं है। उनकी यह पूर्व धारणा थी कि इस देश में आधुनिक तकनीक काम नहीं कर सकती। पीएम मोदी ने कहा कि हालांकि, दुनिया देश के लोगों की क्षमताओं को देख रही है। आज भारत डिजिटल लेन-देन में नए कीर्तिमान बना रहा है। भारत के यूपीआई और आधुनिक डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की वजह से लोगों की जिंदगी आसान हुई है। उनके लिए एक देश से दूसरे देश में पैसे भेजना आसान हुआ है।

अब स्टार्टअप से सभी परिचित हैं: PM
मोदी ने कहा कि इंडियन न्यूजपेपर सोसायटी द्वारा किए गए प्रभावी काम से देश को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि मीडिया लोगों को उनकी ताकत से अवगत कराता है। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया की स्वाभाविक भूमिका विमर्श को शुरू करना है। मोदी ने कहा 2014 से पहले ज्यादातर लोग स्टार्टअप शब्द से अनजान थे, लेकिन मीडिया ने इसे घर-घर तक पहुंचा दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुंबई में सड़क, रेलवे और बंदरगाह क्षेत्रों में 29,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखी और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने कहा कि आगामी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के बीच संपर्क बढ़ेगा।

…जब अनंत-राधिका को आशीर्वाद देने पहुंचे पीएम मोदी
देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत की राधिका मर्चेंट से शादी के बाद देश की तमाम बड़ी राजनैतिक और फ़िल्मी हस्तियां उन्हें आशीर्वाद देने के लिए पहुंची। पीएम नरेंद्र मोदी रात करीब 8:30 बजे मुंबई के बांद्रा स्थित जियो वर्ल्ड सेंटर पहुंचे। यहां वे 2 घंटे 40 मिनट रुके। पीएम मोदी ने अनंत और राधिका को विवाह बंधन में बंधने और नए जीवन में प्रवेश के लिए आशीर्वाद दिया। दोनों ने पीएम मोदी के पैर छुए। मोदी ने उन्हें गिफ्ट भी दिया। इस मौके पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविद से लेकर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और महाराष्ट्र राज्य की बड़ी राजनैतिक हस्तियां मौजूद रहीं। पीएम मोदी ने आशीर्वाद समारोह के बाद जियो वर्ल्ड सेंटर में डिनर भी ​किया।

बता दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी और उद्योगपति वीरेन मर्चेंट की बेटी राधिका मर्चेंट कल यानि 12 जुलाई को शादी के बंधन में बंध गए हैं। इस आलीशान शादी में देश-दुनिया की कई चर्चित हस्तियां शामिल हुईं। जिसमें- खेल, बिजनेस, मनोरंजन और राजनीति की दुनिया के नामी-गिरामी लोकप्रिय चेहरे शादी का हिस्सा बने। इतना ही नहीं राधिका मर्चेंट के शादी समारोह में देश-विदेश की हस्तियों ने भी रौनक बिखेरी। शादी का जश्न दो दिन और जारी रहेगा। आज 13 जुलाई को ‘शुभ आशीर्वाद’ है तो कल 14 जुलाई को ‘मंगल उत्सव’ है।