नेटवर्क महानगर/भदोही
भदोही जिले के सुरियावां कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्राम वारी से बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां आपसी विवाद के चलते पति ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी रोहित बिन्द पुत्र रामजीयावन बिन्द, निवासी वारी, ने घरेलू विवाद के चलते गुस्से में आकर अपनी पत्नी पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सुरियावां पुलिस, फॉरेंसिक टीम और मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई, जो कि मिर्जापुर जनपद के चिल्ह थाना क्षेत्र के चंदेल डडिया गांव के निवासी हैं, की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

घटना के बाद आरोपी रोहित बिन्द ने खुद भी सिंदूर पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। आरोपी पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है।
