नेटवर्क महानगर/मुंबई
मानखुर्द में शनिवार (16 अगस्त) दोपहर को दही हांडी बांधते समय गिरने से 32 वर्षीय एक ‘गोविंदा’ की मौत हो गई। बीएमसी अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान जगमोहन शिवकिरण चौधरी के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र नगर स्थित अपने घर की पहली मंजिल की खिड़की से रस्सी के सहारे दही हांडी बांधने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान वह गिर गया। भारी बरसात के बीच सुबह से ही बड़ी संख्या में गोविंदाओं की टोली इस महोत्सव में भाग लेने के लिए शामिल हो रही है।
बता दें कि ‘गोविंदा’ जो कि ऊंचाई पर लटकी हुई दही हांडी को पिरामिड बनाकर फोड़ने की कोशिश करते हैं। अधिकारी ने बताया कि जगमोहन चौधरी को शताब्दी गोवंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जन्माष्टमी के मौके पर पूरे महाराष्ट्र में दही हांडी महोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है।
