union-minister-ramdas-athawale news
नेटवर्क महानगर/मुंबई
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने बेस्ट क्रेडिट सोसाइटी चुनाव में शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (एमएनएस) गठबंधन की हार का जिक्र करते हुए ठाकरे बंधुओं पर तीखा प्रहार किया है। अठावले ने कहा कि ठाकरे ब्रांड ध्वस्त हो गया है। दोनों भाई साथ होने के बावजूद यह चुनाव हार गए। यह ब्रांड मुंबई महानगरपालिका या पूरे महाराष्ट्र में कहीं नहीं चलेगा।
अठावले ने आगे कहा कि राज ठाकरे की सभा जरूर बहुत बड़ी होती है, बालासाहेब ठाकरे की भी बड़ी-बड़ी सभाएं होती थीं, लेकिन वोट नहीं मिलता था। बालासाहेब पूछते थे कि सभा में इतने लोग आते हैं तो वोट क्यों नहीं मिलता है? उसी तरह राज ठाकरे एक अच्छे वक्ता के साथ बड़े नेता भी हैं लेकिन उनको वोट नहीं मिलता है।
केंद्रीय मंत्री अठावले ने ये भी कहा कि राज ठाकरे ने भी देखा है कि उन्हें वोट नहीं मिलता है, इसलिए ठाकरे ब्रांड मुंबई महानगरपालिका चुनाव में नहीं चलेगा।बीएमसी का चुनाव हम जीतेंगे, महायुति जीतेगी। हमें पूरा विश्वास है कि महायुति का झंडा ही मुंबई महानगरपालिका पर लहरेगा।
बता दें कि बेस्ट एम्प्लॉयीज को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी के चुनाव के नतीजों में ठाकरे ब्रदर्स को तगड़ा झटका लगा। चुनाव से पहले शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय किया था। ‘उत्कर्ष पैनल’ को शिवसेना (यूबीटी) और मनसे का समर्थन प्राप्त था। इस पैनल में उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे पहली बार एक साथ आए थे, लेकिन इसके बावजूद ये पैनल एक भी सीट नहीं जीत पाई। बेस्ट एंप्लॉयीज को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी के चुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित हुए थे, जिसमें शशांक राव के पैनल ने जबरदस्त जीत हासिल करते हुए कुल 21 में से 14 सीटों पर कब्जा जमाया। वहीं, महायुति समर्थित प्रसाद लाड पैनल को 7 सीटों पर संतोष करना पड़ा।
