सांप के डंसने से दो बच्चियों की मौत!
नेटवर्क महानगर/कल्याण
ठाणे जिले के डोंबिवली में हुई दोहरी सर्पदंश की हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई है। यहां एक तीन साल की बच्ची प्राणवी और उसकी 24 वर्षीय मौसी श्रुति ठाकुर की सांप के डंसने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए केडीएमसी की मुख्य वैद्यकीय अधिकारी दीपा शुक्ल के कार्यालय में जाकर बैठक आंदोलन किया, जिससे कुछ समय तक माहौल तनावपूर्ण हो गया था।

सो रही मासूम को सांप ने डसा, मौसी को काटा तब चला पता
बता दें कि रविवार, 28 सितंबर की सुबह सोते समय तीन साल की प्राणवी भोईर को सांप ने डंस लिया था। जब वह रोने लगी तो मौसी श्रुति ने उसे उसकी मां के पास भेज दिया। शुरुआत में तो ठीक से पता नहीं चला कि क्या हुआ था, लेकिन जब श्रुति उसी जगह सोने गई और उसे भी सांप ने डंसा तो सभी को पता चला कि प्राणवी और श्रुति दोनों को सांप ने ही डंसा हैं। दोनों को तुरंत केडीएमसी के शास्त्री नगर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत स्थिर है, लेकिन इलाज के दौरान प्राणवी की हालत अचानक बिगड़ गई और उसे तुरंत ठाणे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां, इलाज के दौरान प्राणवी की मौत हो गई।
अगले महीने होने वाली थी श्रुति की शादी!
इस बीच, श्रुति का भी एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन रात में उसकी भी मौत हो गई। लगातार दो दिन में मौसी और भतीजी की मौत से डोंबिवली के आजदे गांव में मातम पसरा हुआ है। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है, पूरा परिवार सदमे में है। बताया जा रहा है कि अगले महीने श्रुति की शादी होने वाली थी और घर में शादी की तैयारियां भी चल रही थीं। अचानक हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
