नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुलुंड पूर्व इलाके से परेशान कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां दो अज्ञात हमलावरों ने 52 वर्षीय एक व्यक्ति पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना बुधवार,1 अक्टूबर की सुबह 6 बजे के आसपास वीर सावरकर अस्पताल के पास हुई, जब पीड़ित व्यक्ति काम पर जा रहा था। पीड़ित की पहचान मुलुंड पूर्व के गव्हनपाड़ा इलाके में गणपत पाटिल हाउस के निवासी विल्सन अल्बर्ट बरेटो के रूप में हुई है। वह अपनी 75 वर्षीय मां के साथ रहता है और प्रभादेवी की एक इमारत में हाउसकीपिंग स्टाफ के रूप में काम करता है और अपने परिवार का दैनिक मजदूरी से भरण-पोषण करता है।
पुलिस के मुताबिक, बरेटो अपनी नियमित दिनचर्या के अनुसार सुबह-सुबह काम के लिए घर से निकला था और मुलुंड रेलवे स्टेशन की ओर जाते समय, वीर सावरकर अस्पताल के पास एक रिक्शा से उतरे दो लोगों ने उसे रोक लिया और उसकी जेब से कोई नकदी नहीं चुरा पाए तो उसे मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद हमलावर उसी रिक्शे में बैठकर गव्हनपाड़ा सिग्नल की ओर भाग गए। खून से लथपथ बैरेटो किसी तरह अकेले ही वीर सावरकर अस्पताल पहुंच गया, जहां, डॉक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू कर दिया। उसके चेहरे पर गहरे जख्म थे, जिसके लिए 25 से 30 टांके लगाने पड़े। बाद में उसे अच्छी चिकित्सा के लिए सायन अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल, उसकी हालत स्थिर है।
नवघर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) अधिनियम की धारा 306(6) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की पहचान और पता लगाने के लिए आसपास इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस जांच में मदद के लिए तकनीकी साक्ष्यों का भी सहारा ले रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत व्याप्त है।
