Navi Mumbai International Airport
नेटवर्क महानगर/मुंबई
देश के महत्वाकांक्षी नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Navi Mumbai International Airport) ने अपने औपचारिक उद्घाटन से पहले अंतिम चरण में प्रवेश कर लिया है। उद्घाटन से पहले अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने एयरपोर्ट का दौरा किया और इसकी तैयारियों का निरीक्षण किया। अदाणी ने एयरपोर्ट के तकनीकी सिस्टम, रनवे, टर्मिनल बिल्डिंग, सुरक्षा प्रोटोकॉल और रिटेल सुविधाओं का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने पूरी तरह से संचालन की क्षमता और यात्री अनुभव के हर पहलू का जायजा लिया। एनएमआईए की पूरी तरह से परिचालन होने पर यह एयरपोर्ट प्रति वर्ष 9 करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा, जिससे यह विश्व के सबसे बड़े और अत्याधुनिक एयरपोर्टों में शामिल हो जाएगा।
गौतम अडाणी ने बुधवार को कहा कि यह एयरपोर्ट हजारों हाथों और दिलों से निर्मित एक स्मारक है। इस एयरपोर्ट का उद्घाटन 8 अक्टूबर को होना है। अडाणी ने हवाई अड्डे के विकास के लिए काम करने वाले दिव्यांग सहयोगियों, निर्माण श्रमिकों और अन्य स्टाफ सदस्यों के प्रयासों को सलाम किया और अपना आभार व्यक्त किया।
गौतम अडाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा- 8 अक्टूबर को नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन से पहले, मैंने हमारे दिव्यांग सहयोगियों, निर्माण श्रमिकों, महिला कर्मचारियों, इंजीनियरों, कारीगरों, अग्निशमन कर्मियों और उन गार्डों से मुलाकात की, जिन्होंने इस विजन को साकार करने में मदद की। मैंने एक आश्चर्य की धड़कन महसूस की, एक स्मारक जो हजारों हाथों और दिलों से बना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 अक्टूबर को नवी मुंबई इंटरनैशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। अपने बहुप्रतीक्षित उद्घाटन से पहले, नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (NMIA) को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से अपना एयरोड्रम लाइसेंस प्राप्त हुआ। NMIA को एक वास्तुशिल्पीय मील का पत्थर भी माना जा रहा है।

नवी मुंबई एयरपोर्ट की खासियत
इस एयरपोर्ट में 3,700 मीटर का रनवे शामिल है जो बड़े वाणिज्यिक विमानों, आधुनिक यात्री टर्मिनलों और उन्नत हवाई यातायात नियंत्रण प्रणालियों को संभालने में सक्षम है। इससे प्रतिवर्ष 2 करोड़ यात्रियों को संभालने की उम्मीद है। यह मुंबई महानगर क्षेत्र और पश्चिमी भारत और मुंबई महानगर क्षेत्र की बढ़ती हवाई यातायात मांगों को पूरा करने के साथ ही भारत की वैश्विक कनेक्टिविटी को इससे मजबूती मिलेगी।
किस जगह से कितनी है दूरी?
यह हवाई अड्डा जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) समुद्री बंदरगाह से 14 किमी, महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी), तलोजा औद्योगिक क्षेत्र से 22 किमी, मुंबई पोर्ट ट्रस्ट (मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक के माध्यम से) से 35 किमी, ठाणे से 32 किमी और पावरलूम शहर भिवंडी से 40 किमी दूर होगा।
कब शुरू होंगी फ्लाइट?
मंगलवार को हवाई अड्डे ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से हवाई अड्डा लाइसेंस प्राप्त करके एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी हासिल की, जो परिचालन शुरू करने के लिए आवश्यक है। इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी एयरलाइन उद्घाटन के साथ ही इस एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू कर सकती हैं। इसके बाद यहां से इंटरनेशनल और कमर्शियल फ्लाइट शुरू होने की संभावना है।
गौतम अडाणी का पोस्ट
अडाणी समूह के अध्यक्ष ने कहा- “जब लाखों फ्लाइट आसमान में उड़ाने भरेंगी और अरबों लोग इन हॉलों से गुजरेंगे, तो इन लोगों की भावना हर उड़ान और हर कदम पर गूंजेगी और मैं उनके प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। जय हिंद।” नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा निजी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों यात्रियों को समायोजित करने के लिए डिजाइन किया गया है, जिसमें अत्याधुनिक सुविधाएं हैं।
गौरतलब है कि अकासा एयर, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी प्रमुख एयरलाइंस कंपनियों ने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपने परिचालन की शुरुआत करने का ऐलान किया है। शुरुआती चरण में इन एयरलाइंस की उड़ानें विभिन्न बड़े शहरों को आपस में जोड़ेंगी। इससे न केवल यात्रियों को यात्रा के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे, बल्कि हवाई यातायात का दबाव भी मौजूदा मुंबई एयरपोर्ट से कम होकर नए एयरपोर्ट पर बंटेगा। यह कदम पश्चिमी भारत के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और तेज़ सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
