नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के 29 जिले भारी बारिश से हुए नुकसान की मार झेल रहे हैं। बाढ़ से प्रभावित किसानों की सहायता के लिए राज्य पुलिस बल भी आगे आया है। पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ‘मुख्यमंत्री राहत कोष’ में ₹43.95 लाख की सहायता राशि दान की है। इस राशि का चेक पुलिस कमिश्नर विनय कुमार चौबे ने सीएम देवेंद्र फडणवीस को सौंपा।
CM फडणवीस ने क्या लिखा?
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स से इस पहल की सराहना करते हुए लिखा कि पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस की यह संवेदनशीलता और एकजुटता आपदा के समय समाज के लिए प्रेरणा है। सीएम ने पुलिस बल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि बाढ़ग्रस्त जिलों में राहत और पुनर्वास कार्यों में उपयोग की जाएगी। पिंपरी-चिंचवड पुलिस की ओर से की गई यह पहल राज्य पुलिस बलों में एक मिसाल बन गई है। विभाग के हर स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने हिस्से से योगदान दिया, जिससे यह बड़ी राशि एकत्रित हो सकी।
संकट की इस घड़ी में पुलिस भी समाज के साथ
इसी कड़ी में नासिक पुलिस ने भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए ₹5 लाख का दान ‘मुख्यमंत्री राहत कोष’ में जमा किया। नासिक के पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह कदम मानवीय दृष्टि से उठाया गया है और संकट की घड़ी में पुलिस समाज के साथ खड़ी है।
दोनों शहरों की पुलिस की ओर से कुल मिलाकर लगभग ₹48.95 लाख की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा की गई है। पिंपरी-चिंचवड पुलिस का योगदान इस प्रयास में सबसे बड़ा रहा, जो यह दर्शाता है कि कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति भी पुलिस कितनी सजग है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी इन योगदानों को सराहा गया है और कहा गया है कि महाराष्ट्र पुलिस का यह मानवीय चेहरा राज्य के हर नागरिक के लिए बेहद गर्व की बात है।
