Shiv Sena UBT News
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक दलों ने मजबूत मोर्चे बनाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में, शुक्रवार को रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (निकालजे गुट) के उत्तर पश्चिम मुंबई जिल्हाध्यक्ष आशुतोष निकालजे, एल्गार कामगार संघटन के अध्यक्ष सर्जेराव कांबळे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पार्टी में शामिल हो गए। पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने ‘मातोश्री’ आवास पर आशुतोष निकालजे के हाथ पर शिवबंधन बांध कर उनका पार्टी में स्वागत किया। आगामी चुनावों की पृष्ठभूमि में निकालजे गुट के इस प्रवेश ने मुंबई और कोंकण क्षेत्र में हलचल मचा दी है। इससे उद्धव ठाकरे की शिवसेना को और मजबूती मिलने की संभावना है।
इस दौरान उद्धव ठाकरे ने बिना नाम लिए कहा कि शहर के कई चौराहों और सड़कों पर सिर्फ बैनर लगाए जा रहे हैं। यह सब विज्ञापन चल रहा है। अगर आप काम करते हैं, तो प्रचार की कोई ज़रूरत नहीं है, लोग खुद ही उसकी सराहना करते हैं। वे काम पर ध्यान देते हैं। लेकिन अब उनमें वह रवैया नहीं रहा, इसलिए वे पोस्टर प्रदर्शन करना चाहते हैं। इस अवसर पर सांसद अनिल देसाई, विधायक एड अनिल परब, विधायक अनंत (बाळा) नर, विश्वनाथ सावंत के साथ कई अन्य पदाधिकारी और शिवसैनिक उपस्थित थे।
