pune girlfriend murder
नेटवर्क महानगर/पुणे
महाराष्ट्र के पुणे से चौंकाने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड की सिर्फ इसलिए चाकू से गोदकर हत्या कर दी की उसे शक था कि उसकी गर्लफ्रेंड का किसी और से नाजायज संबंध है। हैरानी की बात ये है कि घटना को अंजाम देने के बाद बॉयफ्रेंड फरार नहीं हुआ बल्कि उसने खुद थाने में जाकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
आखिर क्या है पूरा मामला?
26 साल की प्रेमिका और 25 साल का प्रेमी दोनों पिछले 6 सालों से एक-दूसरे से प्यार करते थे। वह डी-मार्ट में काम करती थी और वह होटल में काम करता था। उनकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई और फिर प्यार हो गया। लेकिन, छह साल बाद ही उनके प्यार का दुखद अंत हो गया। घटना के दिन प्रेमिका का जन्मदिन था, वह उसे जन्मदिन मनाने के लिए वाकड के एक लॉज में ले गया। शनिवार, (11 अक्टूबर) की दोपहर वे लॉज के कमरे में थे। उसी दौरान उसने अपने मन में लंबे समय से चल रहे शक के बारे में उसे बताया, जिसके बाद दोनों के बीच बहस हुई और उसने उसका मोबाइल देखा। उसके मोबाइल में उसकी किसी और पुरुष के साथ नग्न तस्वीरें थीं। यह देखकर, वह गुस्से में आग-बबूला हो गया और केक काटने वाले चाकू से उस पर वार कर दिया। यह घटना पिंपरी-चिंचवड में हुई। मारी गई 26 वर्षीय लड़की का नाम मैरी मल्लेश तेलगु है, वह शीतला नगर, देहू रोड की निवासी थी। जबकि, आरोपी का नाम दिलावर सिंह (25), है और वो पुणे के पिसोली का रहने वाला था।
दिलावर का शक हकीकत में बदल गया, कर दी हत्या!
वाकड़ के डीसीपी विशाल गायकवाड ने बताया कि दिलावर सिंह को यह शक था कि उसकी गर्लफ्रेंड मैरी का किसी से नाजायज संबंध हैं। वह मैरी को वाकड़ इलाके के एक लॉज में अपने साथ ले गया। यहां उसने मैरी का मोबाइल फोन खंगाला। इसके बाद दिलावर का शक हकीकत में बदल गया और उसने चाकू से लगातार हमला करते हुए मैरी को मौत के घाट उतार दिया।
इस वारदात को अंजाम देने के बाद दिलावर अपनी गाड़ी से पुणे के कोंडवा इलाके में स्थित पुलिस थाने पहुंचा और वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों को हत्या की इस वारदात के बारे में जानकारी दी। इसके बाद कोंडवा पुलिस ने वाकड़ पुलिस को उस घटनास्थल की जानकारी दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां लड़की की लाश खून में लथपथ पड़ी हुई थी। जिसके बाद मैरी के परिजनों ने आरोपी दिलावर सिंह के खिलाफ वाकड़ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि हत्या के दौरान दिलावर के साथ क्या और भी कोई मौजूद था या नहीं?
