CGST Nasik News
नेटवर्क महानगर/नासिक
महाराष्ट्र के नासिक में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ा एक्शन लेते हुए, CGST और सेंट्रल एक्साइज, नासिक आयुक्तालय में तैनात अधीक्षक हरी प्रकाश शर्मा को गिरफ्तार किया है। सीबीआई के मुताबिक, अधीक्षक शर्मा को पांच लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। आरोपी को पुणे की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
सीबीआई ने बताया कि 14 अक्टूबर को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपी अधीक्षक ने एक निजी कंपनी के आईजीएसटी इनपुट मामले में कानूनी कार्रवाई न करने के बदले 50 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। काफी मान-मनौव्वल करने पर अधीक्षक ने इसे घटाकर 22 लाख रुपये कर दिया गया था।
आरोपी ने 14 अक्टूबर को पीड़ित से 5 लाख रुपये की पहली किस्त और शेष 17 लाख रुपये 17 अक्टूबर को देने को कहा था। सीबीआई की टीम ने उसी दिन जाल बिछाकर शर्मा को उसके नासिक स्थित कार्यालय के बाहर 5 लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान आरोपी के आवास और कार्यालय से 19 लाख रुपये नकद और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए हैं। सीबीआई ने इनकी जांच शुरू कर दी है, जिससे कई खुलासे होने की उम्मीद है।
