नेटवर्क महानगर/मुंबई
घाटकोपर (पश्चिम) के अमृत नगर इलाके में बुधवार की सुबह तीन लोगों ने दिन-दहाड़े फिल्मीस्टाइल में एक ज्वेलरी शॉप को लूटने की कोशिश की। लुटेरों ने दुकान मालिक पर भी हमला किया। तीनों आरोपी दुकान में ग्राहक बनकर घुसे और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम दिया। तीन में से दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे तीन अज्ञात बदमाशों ने घाटकोपर के अमृत नगर में स्थित दर्शन ज्वेलर्स शॉप पर धावा बोला। आरोपियों ने दुकान मालिक पर हमला कर घायल कर दिया और करीब तीन लाख रुपये के आभूषण लूटकर हवा में गोलियां चलाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने 3 लुटेरों में से 2 को गिरफ्तार कर लिया है जबकि, एक अभी भी फरार है।
वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने घायल ज्वेलर को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही घाटकोपर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने एफआईआर क्रमांक 1153/2025 के तहत मामला दर्ज किया है। इस संबंध में धाराएं 309(6), 311, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) और 3/25, 4/25 शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। लूट मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
परिमंडल 7 के पुलिस उपायुक्त राकेश ओला के मुताबिक, यह डकैती बुधवार, (15 अक्टूबर) को सुबह करीब 10:30 बजे गोली बार रोड पर ‘दर्शन ज्वैलर्स’ में हुई। दुकान के मालिक दर्शन मेटकरी, जो अभी-अभी स्टोर खोले थे, दुकान की सफाई कर रहे थे कि तभी दो अनजान आदमी अंदर घुस आए। लुटेरों ने सोने के गहने छीन लिए, और जब मेटकरी ने विरोध करने की कोशिश की, तो उन पर चाकू से हमला कर दिया गया।
