नेटवर्क महानगर/मुंबई
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने गुरुवार को कहा कि ‘पवार परिवार’ ने इस साल दीपावली नहीं मनाने का फैसला किया है। सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा- ’’हमारी चाची भारती प्रतापराव पवार का हाल में निधन हो गया। वह हम सभी के लिए मां के समान थीं। इसलिए हम सभी यानी पवार परिवार ने सामूहिक रूप से इस वर्ष दिवाली नहीं मनाने का निर्णय लिया है।’’
मार्च में हुआ था भारती पवार का निधन
शरद पवार की बेटी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि पुणे के बारामती क्षेत्र के गोविंदबाग में दिवाली पड़वा के अवसर पर होने वाला वार्षिक दिवाली समारोह और रिश्तेदारों से मिलने का कार्यक्रम भी इस वर्ष नहीं होगा।
बता दें कि शरद पवार के छोटे भाई प्रतापराव पवार की पत्नी भारती पवार (77) का इस वर्ष मार्च में निधन हो गया था। सुप्रिया सुले ने इस शोक की भावना को बनाए रखते हुए दिवाली त्यौहार को त्यागने का निर्णय लिया। इस घोषणा के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत में पवार परिवार की संवेदनशीलता और पारिवारिक मूल्य को लेकर चर्चा हो रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी इस फैसले का सम्मान किया है।
पिछले साल बारामती में पवार परिवार के द्वारा दो अलग-अलग दिवाली सम्मेलन का आयोजन किया गया था। एक तरफ अजित पवार ने पहली बार उनके काटेवाडि स्थित घर पर दिवाली सम्मेलन का आयोजन किया था तो दूसरी तरफ हमेशा की तरह शरद पवार की ओर से गोविंद बाग में दिवाली सम्मेलन का आयोजन किया गया था। यह पहली बार था कि शरद पवार से राजनैतिक रूप से दूर होकर पारिवारिक तौर पर भी अजित पवार ने दूरी बना ली थी। दोनों के बीच ये दूरी दिवाली पर्व पर देखने को मिली थी।
