Maharashtra Nandubar Road Accident
नेटवर्क महानगर/नंदुरबार
महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में शनिवार, (18 अक्टूबर) की सुबह करीब 10 बजे एक दर्दनाक एक्सीडेंट हो गया। यहां एक तेज रफ्तार पिकअप पलटने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। जबकि, दस से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पिकअप में सवार श्रद्धालु पवित्र अस्तंबा यात्रा से लौट रहे थे इसी दौरान घाट के रास्ते से गुजरते समय चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। जिससे वैन पलट गई और 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने घायलों को तलोदा उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप गाड़ी पलटने से पिछले हिस्से में बैठे लोग गाड़ी के नीचे दब गए। जिसके कारण कई लोगों को गंभीर चोटें आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब कई घायल लोग सड़क पर पड़े हुए करार रहे थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य चलाया। जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए भेजा गया।
पुलिस ने शुरू की मृतकों की पहचान
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह हादसा धडगांव-तलोदा क्षेत्र में मकाड टेकड़ी के पास हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, वाहन तेज गति में था और घाट के मोड़ पर ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया, जिससे इतना बड़ा हादसा हुआ। मृतकों की पहचान की जा रही है, जबकि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
