नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी मामले में बड़ी सफलता पाई है। क्राइम ब्रांच ने एक बड़े ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए ऐसा नेटवर्क तोड़ा है जो सीधे दुबई से संचालित हो रहा था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल शेख को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सलीम शेख न केवल कुख्यात डी-गैंग के ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ा था, बल्कि सलीम डोला का बेहद करीबी सहयोगी भी था।
फरवरी 2025 में मुंबई के कुर्ला इलाके में पुलिस ने एक महिला को 641 ग्राम मेफेड्रोन, ₹12.20 लाख नकद और ₹1.5 लाख के गहनों के साथ पकड़ा था।पूछताछ में महिला ने बताया कि यह ड्रग्स उसे मिरा रोड के साजिद शेख उर्फ डैब्स से मिला था। इस खुलासे के बाद क्राइम ब्रांच ने साजिद को गिरफ्तार किया।उसके घर की तलाशी में पुलिस को 3 किलो एमडी ड्रग्स (कीमत लगभग ₹6 करोड़) और ₹3.68 लाख नकद बरामद हुए। आगे की जांच में पुलिस को इस नेटवर्क के तार दुबई तक जुड़े हुए मिले। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई के बाद दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से जुड़े और कई अन्य आरोपी जल्द ही गिरफ्त में आ सकते हैं।
ड्रग्स फैक्ट्री से 245 करोड़ का माल बरामद!
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि सांगली जिले के इरली गांव में ड्रग्स बनाने की अवैध फैक्ट्री चलाई जा रही थी। पुलिस की छापेमारी में वहां से 122.5 किलो मेफेड्रोन (कीमत करीब ₹245 करोड़), ड्रग्स निर्माण के उपकरण और एक वाहन जब्त किया गया। इस कार्रवाई में अब तक छह आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने कुल 15 लोगों (14 पुरुष और 1 महिला) को गिरफ्तार किया है। अब तक जब्त की गई संपत्तियों की कुल कीमत ₹256 करोड़ से अधिक है। 126 किलो मेफेड्रोन, ₹3.62 करोड़ नकद, सोने के गहने, वाहन और अन्य संपत्तियां शामिल हैं।
दुबई से गिरफ्तार होकर भारत लाया गया मास्टरमाइंड
मुख्य आरोपी मोहम्मद सलीम शेख लंबे समय से दुबई में छिपा हुआ था। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। हाल ही में यूएई पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर भारत लाया गया। मुंबई पुलिस ने 22 अक्टूबर 2025 को उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया, और अदालत ने उसे 30 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
