नेटवर्क महानगर/मुंबई
सायन स्थित प्रतीक्षा नगर में म्हाडा की ट्रांजिट कैंप इमारतों को खतरनाक बताते हुए म्हाडा ने वहां के रहिवासियों को रिडेवलपमेंट के लिए घर खाली करने का नोटिस जारी किया है। जिसे लेकर शुक्रवार, (21 नवम्बर) को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष का एक शिष्टमंडल स्थानीय सांसद अनिल देसाई के नेतृत्व में म्हाडा उपाध्यक्ष संजीव जायसवाल से मुलाकात की और लोगों की समस्याओं को दूर करने की मांग की।
बता दें कि पवई आईआईटी द्वारा किए गए स्ट्रक्चरल ऑडिट के अनुसार, प्रतीक्षानगर ट्रांजिट कैंप की इमारतें खतरनाक बताई गई हैं। इसके बाद म्हाडा ने सालों से इस ट्रांजिट कैंप में रह रहे लोगों को रिडेवलपमेंट के लिए अचानक घर खाली करने का नोटिस भेजा है। इस बारे में शिवसेना (यूबीटी) नेता व सांसद अनिल देसाई ने स्थानीय निवासियों और रिडेवलपमेंट एक्शन कमिटी के सदस्यों के साथ म्हाडा उपाध्यक्ष संजीव जायसवाल के साथ एक बैठक की।

इस बैठक में श्री जायसवाल ने रहिवासियों को आश्वासन दिया कि जिन सदस्यों को नोटिस दी गई है, उन्हें घर दिया जाएगा। इस पर रहिवासियों ने कहा कि हमें एक कामन नोटिस दी गई है। इससे भविष्य में पात्र-अपात्र करके अयोग्य घोषित किया जा सकता है। रहिवासियों के इस डर का निदान करते हुए म्हाडा उपाध्यक्ष ने कहा कि हर सदस्य के नाम से नोटिस जारी की जाएगी। इसके साथ ही कुछ मुद्दों पर स्थानीय निवासियों और एक्शन कमेटी के बीच निदान नहीं हुआ है, उसके लिए आने वाले दिनों में सांसद अनिल देसाई के मार्गदर्शन में म्हाडा के उपाध्यक्ष जायसवाल की उपस्थिति में फिर एक बैठक होगी तभी बाकी समस्याओं का निदान किया जाएगा। इस बैठक में विभाग प्रमुख प्रमोद शिंदे, विभाग संगठक पद्मावती शिंदे, गोपाल शेलार, प्रणिता वाघधरे, गजानन पाटिल, प्रभाकर भोगले, मनसे विभाग अध्यक्ष संजय भोगले, गणेश शिंदे, राजू आंबेकर, विशाल आमकर, नीतू यादव समेत कई अन्य पदाधिकारी और रहिवासी मौजूद थे।
