Ajit Pawar
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के एक बयान पर विपक्षी दलों ने पलटवार करते हुए हमला बोला है। दरअसल, अजित पवार ने पुणे जिले के बारामती तहसील के मालेगांव में चुनाव प्रचार के दौरान एक ऐसा विवादित बयान दिया कि महाराष्ट्र का सियासी पारा गरमा गया है।
बारामती में स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अजित पवार ने कहा था कि आप मुझे मालेगांव नगर पंचायत में 18-18 उम्मीदवार (महायुति) जीताकर दीजिए मैं आपसे किया सभी वादा और मांग पूरी करूंगा, लेकिन अगर आपने कट मारा तो मैं भी कट मारूंगा। आपके पास वोट है, तो मेरे पास निधि है। अब क्या करना है देख लीजिए। इस बीच उन्होंने कहा कि अगर वे उनके दल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के सभी 18 उम्मीदवारों को चुनते हैं, तो वे मालेगांव में फंड की कोई कमी नहीं होने देंगे। उनकी इस चेतावनी पर विपक्षी पार्टियां भड़क गई हैं और चुनाव आयोग से इन पर कार्रवाई की मांग कर रही हैं।
चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग
अजित पवार के बयान पर शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस ने हमला बोलते हुए कहा कि अगर अजित पवार इस तरह से धमकी देते है तो चुनाव आयोग को उनके बयान का संज्ञान लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। पार्टियों ने आरोप लगाया कि चुनाव में सत्ता पक्ष के लोग दबावतंत्र का कर इस्तेमाल कर रहे हैं।
अपने बयान पर अड़े अजित पवार!
वहीं अजित पवार ने अपने बयान का समर्थन किया और कहा कि चुनाव के वक्त नेता लोगो से वोट मांगते वादे करते है बिहार में भी हमने देखा. मैंने किसी को धमकी नहीं दी बस कहा कि हमें जितायेंगे तो निधि देंगे विकास करेंगे।
कब हैं महाराष्ट्र के निकाय चुनाव?
महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने 4 नवंबर 2025 को घोषणा की कि 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के लिए निकाय चुनाव 2 दिसंबर 2025 को होंगे। वोट गिनती 3 दिसंबर 2025 को होगी. कुल 6,859 सदस्यों का चुनाव होगा, जिसमें महिलाओं के लिए 3,492 सीटें आरक्षित हैं।
