नेटवर्क महानगर/गढ़चिरौली
गढ़चिरौली नगर परिषद चुनाव प्रचार कार्यालय उद्घाटन के दौरान महाराष्ट्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है। एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते समय मंच के सामने बैठी महिलाओं को देखकर मंत्री बावनकुले ने पंडाल की व्यवस्था पर गहरी नाराज़गी जताई। शहर की बुजुर्ग महिलाएं धूप में बैठी थी। इस पर उन्होंने कहा कि लाडली बहन धूप में बैठी है,पंडाल पूरा क्यों नहीं डाला?
इस पर जिलाध्यक्ष ने जवाब दिया कि पंडाल का बजट सीमित था, क्योंकि चुनाव अधिकारी को हर खर्च का हिसाब देना पड़ता है। इस पर बावनकुले ने कहा कि मैं स्टार प्रचारक हूं..मुझे हिसाब देने की जरूरत नहीं। बीजेपी जिलाध्यक्ष की बात सुनकर चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि मैं स्टार प्रचारक हूं, चुनाव आयोग को हम हिसाब देंगे दिखाएंगे कि यह चीज 50 रुपये की है। आप चिंता क्यों करते हो कार्यकर्ताओं को बोले बजट की टेंशन ना लें।
बता दें कि महाराष्ट्र में नगर परिषद चुनाव हो रहे हैं। इसके लिए चुनाव प्रचार बीजेपी के मंत्री और सीनियर नेता कर रहे हैं। नगर परिषद चुनाव 2 दिसंबर को होंगे और रिजल्ट 3 दिसंबर को आएंगे। हालांकि, बावनकुले का यह बयान अब राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। विपक्ष इसे चुनाव खर्च नियमों पर सवाल उठाने वाला बयान बता रहा है, जबकि बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह सिर्फ मंच संचालन को लेकर दिया गया एक सहज बयान था।
