Varsha Gaikwad
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला और मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड ने बीएमसी की सभी 227 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस ऐलान के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ता पूरे जोश-खरोश में दिखाई दे रहे हैं। चुनाव कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए पार्टी नई नियुक्तियों पर जोर दे रही है।मंगलवार को पार्टी ने मुंबई की सभी 6 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए संसदीय पड़ताल समिति का गठन का ऐलान किया है। कांग्रेस ने यह बड़ा फैसला ऐसे वक्त पर लिया है जब एनसीपी (एसपी) चीफ शरद पवार एमवीए को एकजुट रखने की योजना पर काम कर रहे हैं। पवार दिल्ली में कांग्रेस के आलाकमान से भी मिलने वाले हैं।
वर्षा गायकवाड ने विधायक बहन को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी!
समिति में दक्षिण मुंबई के लिए वर्षा गायकवाड ने अपनी विधायक बहन डॉ ज्योति गायकवाड़ को प्रभारी बनाया है, जबकि पूर्व नगरसेवक मोहसिन हैदर और आरिफ जाकेरिया को सह प्रभारी बनाया है। दक्षिण मध्य मुंबई लोकसभा के लिए पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सचिन सावंत को प्रभारी और उत्तर भारतीय चेहरा डॉ किशोर सिंह व प्रवक्ता सुरेश राजहंस को सहप्रभारी बनाया है। इसी तरह से उत्तर मध्य मुंबई के लिए विधायक असलम शेख को प्रभारी जबकि वीरेंद्र चौधरी और अजंता यादव को सह प्रभारी बनाया है।
वहीं, उत्तर पूर्व मुंबई के लिए अमरजीत सिंह मनहास को प्रभारी, धनंजय तिवारी और डॉ राजेश टेके को सह प्रभारी नियुक्त किया है। उत्तर पश्चिम मुंबई लोकसभा का प्रभारी विधायक अमीन पटेल और सह प्रभारी हाजी बानू खान और विष्णु सरोदे को नियुक्त किया है। उत्तर मुंबई जिले का प्रभारी मधु चव्हाण और सह प्रभारी पूर्व नगरसेवक अशरफ आजमी और क्लाइव डायस को बनाया गया है।
जानें- क्या करेगी यह संसदीय समिति?
संसदीय पड़ताल समिति जिला अध्यक्ष के साथ बैठक करेगी तथा जिला स्तर की समिति/जाति वैधता को लेकर समन्वय स्थापित कर उम्मीदवारों के आवेदन की जांच करेगी। इसी तरह जिला स्तर पर पैनल भी बनाया जाएगा। उम्मीदवार आवेदन भरते समय जिला समिति और उपरोक्त समितियां उम्मीदवारों की मदद करेंगी। पात्र उम्मीदवारों की मुलाकात लेकर अंतिम सूची वरिष्ठों को सौंपेगी।
