Arvind Kejriwal
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में एक और हलचल देखने को मिलेगी। 2026 के बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव (BMC) में आम आदमी पार्टी (AAP) ने पूरी ताकत से उतरने का ऐलान करते हुए 227 उम्मीदवार मैदान में उतारने और शीर्ष नेतृत्व को प्रचार में उतारने की घोषणा की है। आप पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल खुद बीएमसी चुनाव में प्रचार करते नजर आएंगे।
यह फैसला महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में AAP की पहली जीत के बाद लिया गया है, जिसे पार्टी मुंबई में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की दिशा में अहम मान रही है। देश की सबसे बड़ी महानगरपालिका (बीएमसी) का चुनाव लड़ने के लिए आप ने पूरी तरह से कमर कस ली है।
AAP ने की स्टार प्रचारकों की घोषणा
आम आदमी पार्टी की मुंबई इकाई ने बीएमसी चुनाव 2026 के लिए स्टार प्रचारकों की आधिकारिक सूची भी जारी कर दी है। इस सूची में राष्ट्रीय और राज्य स्तर के प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया है, जिनके जरिए पार्टी शहरी मतदाताओं तक अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है।
स्टार प्रचारकों में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सीएम भगवंत मान, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन, आतिशी और सौरभ भारद्वाज जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इनके अलावा पंकज कुमार गुप्ता, दुर्गेश पाठक, इमरान हुसैन, दिलीप पांडे, अमानतुल्ला खान, प्रीति शर्मा मेनन, किशोर मंध्यान, रूबेन मस्करेन्हास, विजय खिश्रसागर, पायल पटेल, ईशुदान गढ़वी और कई अन्य नेताओं को भी प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महाराष्ट्र में पहली जीत का प्रभाव
बता दें कि महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी ने झाड़ू चुनाव चिन्ह पर अपनी पहली जीत दर्ज कर राजनीतिक उपस्थिति का संकेत दिया है। यह जीत अहिल्यानगर जिले की नेवासा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 2 से मिली, जहां शालिनी ताई ने विजय हासिल की।
आम आदमी पार्टी ने इस अवसर पर अहिल्यानगर जिला अध्यक्ष राजुभाऊ अघाव, नेवासा तालुका अध्यक्ष एडवोकेट सादिक शिलेदार, आप नेता संजय सुखधन और स्थानीय पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की भूमिका को निर्णायक बताया। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि जमीनी स्तर पर मिली यह सफलता बीएमसी जैसे बड़े चुनाव में आत्मविश्वास के साथ उतरने का आधार बनी है।
बता दें कि महाराष्ट्र में हाल ही में संपन्न हुए नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में महाविकास आघाड़ी (MVA) के घटक दलों को तगडा झटका लगा है। कांग्रेस का प्रदर्शन जहां संतोषजनक रहा है तो वहीं, शिवसना (यूबीटी) और शरद पवार की (एनसीपी-एसपी) को झटका लगा है। बीजेपी नंबर एक पार्टी बनकर उभरी है। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) को मुंबई की जनता क्या प्रतिसाद देती है?
महाराष्ट्र के सभी 29 नगर निगमों के लिए मतदान एक ही चरण में 15 जनवरी 2026 को होगा, जबकि मतगणना 16 जनवरी 2026 को कराई जाएगी। इस कार्यक्रम के सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बीएमसी चुनाव को AAP शहरी शासन मॉडल, पारदर्शिता और स्थानीय मुद्दों के प्रदर्शन के बड़े मंच के रूप में देख रही है, जहां 227 उम्मीदवारों और मजबूत स्टार प्रचारक टीम के जरिए पार्टी निर्णायक चुनौती पेश करने की तैयारी में है।
