नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र में आगामी बीएमएसी समेत 29 नगर निगमों के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होती जा रही है। बुधवार, (24 दिसंबर) को उद्धव और राज ठाकरे (दोनों भाई) एक बार फिर साथ नजर आकर अन्य दलों को चौंकाने वाले हैं। इसके साथ ही लम्बे समय से चल रहे गठबंधन की चर्चा का भी विराम लग जाएगा। दोनों ठाकरे बंधु जिसमें शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के गठबंधन का औपचारिक ऐलान भी करेंगे। दोनों नेता मुंबई के वर्ली स्थित होटल ‘ब्लू सी’ में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीएमसी चुनाव के लिए गठबंधन की आधिकारिक घोषणा करेंगे।
सूत्रों की माने तो शिवसेना (यूबीटी) ने मनसे के लिए 12 से 15 मौजूदा (सिटिंग) सीटें छोड़ी हैं। इन सीटों के अधिकांश पूर्व नगरसेवक फिलहाल, शिवसेना (शिंदे) में शामिल हो चुके हैं।
गठबंधन में कौन-कौन?
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे),
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS),
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार)-(NCP–SP) शामिल होंगी।
इस तरह हो सकता है संभावित सीट बंटवारा
सूत्रों के अनुसार, बीएमसी चुनाव में शिवसेना (UBT)–MNS–NCP (SP) का सीट फ़ॉर्मूला इस प्रकार हो सकता है:-
शिवसेना (यूबीटी) 145 से 150 सीटों पर चुनाव
MNS : 65 से 70 सीटों पर
NCP (SP ): 10 से 15 सीटों पर
बता दें कि 29 महानगरपालिकाओं के लिए 15 जनवरी 2026 को वोटिंग कराई जाएगी। जबकि, वोटों की गिनती 16 जनवरी को होगी।
राज्य की कुल 29 महानगरपालिकाओं में 2,869 सीट के लिए वोटिंग होगी, जिनमें बीएमसी की 227 सीट भी शामिल हैं। चुनाव में 3.48 करोड़ से ज्यादा वोटर्स पात्र हैं और वोटिंग EVM से कराई जाएगी।
