नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई महानगरपालिका चुनाव 2026 से पहले कांग्रेस ने वंचित बहुजन आघाड़ी के साथ गठबंधन का ऐलान किया। मुंबई में 227 वार्डों में से वंचित बहुजन आघाड़ी 62 वार्डों में चुनाव लड़ेगी। यह साझेदारी सभी 29 महानगरपालिकाओं के लिए होगी।
अपने स्थापना दिवस के दिन कांग्रेस पार्टी ने वंचित बहुजन आघाड़ी के साथ बीएमसी चुनाव में गठबंधन का ऐलान किया है। बीएमसी में कुल 227 वार्ड हैं, जिनमें से वंचित बहुजन आघाड़ी 62 वार्डों में चुनाव लड़ेगी। यह गठबंधन सिर्फ बीएमसी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राज्य की सभी 29 महानगरपालिकाओं के चुनावों में लागू होगा।
यह पहला मौका होगा जब कांग्रेस और वंचित बहुजन आघाड़ी एक साथ चुनावी मैदान में उतरेंगी। इससे पहले लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान दोनों दलों के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन वह सफल नहीं हो पाई थी।

महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने एक प्रेस कांफ्रेंस के जरिये कहा कि जब वंचित बहुजन आघाड़ी का नाम भारीप बहुजन महासंघ था, तब 1998 से 1999 तक कांग्रेस आंबेडकर जी के साथ थी। अब एक बार फिर दोनों साथ आ रहे हैं और दोनों नैसर्गिक पार्टनर हैं। उन्होंने कहा कि दोनों दल संवैधानिक विचारों पर चलने वाले हैं। संविधान को लेकर पंडित जवाहरलाल नेहरू और बाबासाहेब आंबेडकर के बीच मतभिन्नता रही होगी, लेकिन मनभिन्नता कभी नहीं रही, क्योंकि दोनों का उद्देश्य एक ही था।
उन्होंने कहा कि आज मुंबई से इस गठबंधन की घोषणा की जा रही है और आज से कांग्रेस तथा वंचित बहुजन आघाड़ी मित्र पक्ष हैं। यह गठबंधन विचारधारा को लेकर है, जिसमें संविधानवादी और मनुवादी विचारों की लड़ाई में साथ आना ज्यादा महत्वपूर्ण है, न कि कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के स्थापना दिवस पर इस गठबंधन का होना विशेष महत्व रखता है।
वंचित बहुजन आघाड़ी ने क्या कहा?
वहीं, वंचित बहुजन आघाड़ी के डॉ. धैर्यवान पुंडकर ने कहा कि अगर यह गठबंधन 2014 में हुआ होता तो केंद्र में बीजेपी सत्ता में नहीं आती। उन्होंने कहा कि देर आए दुरुस्त आए। इस गठबंधन के लिए वंचित बहुजन आघाड़ी की मुंबई टीम ने काफी मेहनत की है और प्रकाश आंबेडकर ने इसे मान्यता दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वंचित बहुजन आघाड़ी मुंबई में 62 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि बाकी महानगरपालिकाओं को लेकर बातचीत अभी चल रही है।
बता दें कि मुंबई में कुल 227 सीटो में 50 सीटें ऐसी है जहां दलित वोट और मुस्लिम वोटरों की संख्या ज्यादा हैं। इनमें अणुशक्ति नगर, ट्राम्बे, घाटकोपर रमाबाई चाल, मानखुर्द, अंधेरी पूर्व ,अंधेरी पश्चिम, कुर्ला, संताक्रुज वाकोला, बांद्रा पूर्व, बांद्रा पश्चिम, दादर, वर्ली, धारावी, वडाला, जीटीबी नगर, चूनाभट्टी जैसी सीटें शामिल हैं। महाराष्ट्र में बीएमसी समेत सभी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के चुनाव के लिए वोटिंग 15 जनवरी को होगी और नतीजे 16 जनवरी को घोषित किए जाएंगे।
