Thane building collapse News
नेटवर्क महानगर/ठाणे
ठाणे में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां वागले एस्टेट स्थित एक रिहायशी इमारत में 5वीं मंजिल के एक फ्लैट से स्लैब नीचे वाले फ्लैट पर गिर जाने से इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। यह घटना शांतिनगर में हनुमान मंदिर के पास स्थित ”नूतन नीलम अपार्टमेंट” में सुबह लगभग 3:07 बजे घटी।
ठाणे महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि पांचवीं मंजिल के एक फ्लैट से एक स्लैब चौथी मंजिल पर स्थित एक घर पर गिरी जिससे ऊपरी फ्लैट में रहने वाला एक व्यक्ति और नीचे रहने वाले दो लोग घायल हो गए। यह इमारत लगभग 35 साल पुरानी है और घटना के बाद 80 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पांचवीं मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 501 का स्लैब अचानक टूटकर ठीक नीचे वाले कमरे में गिर गया। यह इमारत तीन दशक से अधिक पुरानी है और इसमें भूतल के साथ पांचवीं मंजिल भी शामिल है। घायलों की पहचान गजेंद्र प्रसाद (60) के रूप में हुई है, जिनके दाहिने कंधे में फ्रैक्चर है। प्रिंस यादव (25), जिनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर है और प्रदीप यादव (23), जिनके दोनों पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। तीनों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए मुंबई के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। सूचना मिलते ही आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे।
तडवी ने बताया कि इमारत में करीब 80 से 85 लोग रहते हैं। हमने सभी निवासियों को बचा लिया है। उनमें से लगभग आधे लोगों को अस्थायी आश्रय के लिए शांतिनगर स्थित टीएमसी स्कूल भेज दिया गया है, जबकि कई अन्य लोगों ने अपने रहने का इंतजाम खुद कर लिया है। उन्होंने बताया कि ए और बी विंग वाली इस इमारत में 26 फ्लैट हैं और यह 30 से 35 साल पुरानी है। इसे पहले सी2बी श्रेणी में रखा गया था, जिसका अर्थ है कि इसमें बड़े पैमाने पर मरम्मत की आवश्यकता है, लेकिन इसकी हालत फिलहाल जानलेवा नहीं है। अधिकारी ने बताया कि शेष ढांचा खतरनाक स्थिति में है और इस कारण इसे सील कर दिया गया है। बिजली कंपनी के कर्मचारी बिजली काटने और स्थानीय पुलिसकर्मी इलाके को सुरक्षित करने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
