Ajit Pawar's wife Sunetra Pawar demands CBI probe into plane crash case
राजेश जायसवाल/मुंबई
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुनील तटकरे ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) से कराने की मांग की है। मंगलवार को हुई राकांपा की एक बैठक के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलकर यह अनुरोध किया। अजित पवार से जुड़े हादसे की CBI जांच के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के ज़रिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने एक प्रेजेंटेशन भी दिखाया गया। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, सांसद सुनील तटकरे, कैबिनेट मंत्री हसन मुश्रीफ और यूथ लीडर पार्थ पवार मौजूद थे।
दोनों एनसीपी नेताओं ने जोर देकर कहा कि अजित पवार के निधन के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। अजित पवार के निधन के बाद उत्पन्न संदेहों को देखते हुए सुनेत्रा पवार और सुनील तटकरे ने उच्च स्तरीय और पारदर्शी जांच की आवश्यकता जताई है। मीडिया से बातचीत में सांसद सुनील तटकरे ने कहा कि पार्टी और परिवार इस मामले में पूर्ण पारदर्शिता चाहते हैं। उन्होंने राज्य सरकार और केंद्र से अपील की कि इस जांच को तुरंत मंजूरी दी जाए, ताकि किसी भी तरह की साजिश या छेड़छाड़ की संभावना की पुष्टि हो सके।
सुनेत्रा पवार ने इस घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब राज्य के किसी बड़े नेता के विमान के साथ इस तरह की समस्या आई है। उन्होंने सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से अपनी बात रखते हुए कहा अजित दादा राज्य के महत्वपूर्ण पदों पर हैं और उनके खिलाफ कई राजनीतिक विरोधी सक्रिय हैं। विमान के रखरखाव में इतनी बड़ी चूक कैसे हो सकती है? हमें राज्य की जांच एजेंसियों पर भरोसा है, लेकिन मामले की गंभीरता और सुरक्षा के प्रोटोकॉल को देखते हुए निष्पक्ष ‘सीबीआई जांच’ अनिवार्य है।
बता दें कि इस मांग के बाद राजनीतिक गलियारों में गहमागहमी बढ़ गई है। इससे पहले एनसीपी के विधायक रोहित पवार ने भी आरोप लगाया था कि पिछले महीने हुए प्लेन क्रैश में तोड़फोड़ की आशंका है। रोहित पवार ने कहा कि उनके चाचा और महाराष्ट्र के डिप्टी चीफ मिनिस्टर अजित पवार की मौत में कई सवाल अनुत्तरित हैं और इस कारण पूरी जांच की जरूरत है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित पवार ने कहा कि 28 जनवरी 2026 को हुए प्लेन क्रैश के कई पहलू अब तक अस्पष्ट हैं। उन्होंने बारामती एयरपोर्ट के पास लियरजेट एयरक्राफ्ट के क्रैश से जुड़ी घटनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह एक साधारण एक्सीडेंट था या किसी साजिश का हिस्सा? उन्होंने विशेष रूप से आशंका जताई कि सबूतों के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है। उनका कहना है कि केवल रिपोर्ट पर भरोसा करना पर्याप्त नहीं होगा और सभी CCTV फुटेज तथा तकनीकी रिकॉर्ड की जांच होनी चाहिए।
सुनेत्रा पवार को चुना गया NCP का राष्ट्रीय अध्यक्ष
आज हुई राकांपा की बैठक में सुनेत्रा पवार को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी चुन लिया गया। उनके नाम का प्रस्ताव पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल पटेल ने रखा, जिसका पार्टी के सभी विधायकों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने समर्थन किया। कुछ विधायकों ने राकांपा को दोनों घटकों के विलय का मुद्दा भी बैठक में उठाया, लेकिन वरिष्ठ नेताओं ने इस मुद्दे को फिलहाल, यह कहकर टाल दिया कि यह पवार परिवार का आतंरिक मसला है, इस बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा नहीं हो सकती।
हादसे के बाद उठे कई सवाल?
गौरतलब है कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को ले जा रहे एयरक्राफ्ट के बारामती में क्रैश होने के बाद, इस बात पर तमाम सवाल उठे कि आखिर इस भयानक हादसे की वास्तविक वजह क्या हो सकती है?
महाराष्ट्र में इस हादसे ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। 2025 में एयर इंडिया की दुखद घटना के बाद भारत में एविएशन सेफ्टी पर ध्यान बढ़ गया है और अब यह मामला फिर से सुरक्षा और जांच की चर्चा में आया है। सुनेत्रा पवार और तटकरे का कहना है कि इस मामले में समय पर उच्च स्तरीय जांच आवश्यक है, ताकि किसी भी तरह की साजिश या प्रशासनिक लापरवाही उजागर हो। उन्होंने यह भी कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष जांच से महाराष्ट्र के नागरिकों का विश्वास बढ़ेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।
