नेटवर्क महानगर/ओडिशा
ओडिशा के झारसुगुड़ा से एक बेहद दुखद खबर आई है, यहां एक ट्रेलर और पुलिस की बोलेरो गाड़ी के बीच हुई टक्कर में पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। घटना रविवार सुबह 4 बजे के आसपास हुई। पुलिसकर्मी गश्त पर निकले थे जब उनकी गाड़ी तेज रफ्तार ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे कई पुलिसकर्मी उसमें फंस गए।
घायलों की स्थिति गंभीर
हादसे में घायल तीन पुलिसकर्मियों का इलाज झारसुगुड़ा जिला अस्पताल में चल रहा है। उनकी पहचान दुबराज मिरिग, आकाश नायक और राजीव भारसागर के रूप में हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर घायलों को गाड़ी से निकाला।
मृतकों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल!
मृतकों में सशस्त्र पुलिस बल रिजर्व (APR) कॉन्स्टेबल काशीराम भोई, देबदत्त सा, ड्रिल एसआई निरंजन कुजूर, हवलदार लिंगराज धुरुआ और होमगार्ड जवान भक्तबंधु मिर्धा शामिल हैं। इस घटना ने पूरे पुलिस विभाग को शोक में डाल दिया है। झारसुगुड़ा के एसपी गुंडाला राघवेंद्र ने बताया कि ट्रेलर के ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना कैसे हुई?
स्थानीय लोगों में शोक का माहौल
इस दुर्घटना ने स्थानीय लोगों को भी दुखी कर दिया है। लोग मृतक पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने वाले इन पुलिसकर्मियों की शहादत ने सभी का दिल तोड़ दिया है। इस हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल फैल गया है।
इस घटना ने सड़क पर सुरक्षा उपायों को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं? पुलिस विभाग ने 24 घंटे गश्त करने की योजना बनाई है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इसके अलावा, ट्रेलर ड्राइवरों के लिए सख्त नियमों को लागू करने की आवश्यकता भी महसूस हो रही है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
वहीं, डीएम चव्हाण कुणाल मोतीराम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज झारसुगुड़ा में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई जिसमें हमने 5 पुलिस वालों को खो दिया। हम देखेंगे कि यह घटना क्यों हुई और यह पक्का करेंगे कि जरूरी कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। जिले के एसपी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मृतक पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी है।
