राजेश जायसवाल/मुंबई
महाराष्ट्र के नासिक का कथित न्यूमेरोलॉजिस्ट कैप्टन अशोक खरात की गिरफ्तारी से राजनीति गलियारे में हलचल मच गई है। धार्मिक आस्था, दैवीय शक्ति और मंत्र तंत्र के सहारे अशोक खरात (67) ने भक्तों की बड़ी फौज तैयार कर रखी है। महाराष्ट्र के कई बड़े राजनेता, सेलिब्रिटी और उद्योगपति इस भविष्यवक्ता के फॉलोअर हैं, इनमें कई सेलिब्रिटी महिलाएं भी शामिल हैं।
कैप्टन अशोक खरात सिन्नर तालुका के मिरगांव में बनाए गए श्री ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट का चेयरमैन है। इस मंदिर को श्री शिवनिका संस्थान के नाम से भी जाना जाता है, जहां बड़े-बड़े दिग्गज कई मौकों पर अशोक खरात की पाद्य पूजा यानी पैर पूजने की रस्म कर चुके हैं। अब पुलिस ने रेप के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया है। खरात के अनुयायियों में बड़े राजनेता, सेलिब्रेटी और बिजनेसमैन का भी समावेश है। कांग्रेस का आरोप है कि महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर उसके ट्रस्ट से जुड़ी हैं। कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष ने महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने स्वयंभू भगवान कैप्टन अशोक खरात की संस्था से कनेक्शन होने के कारण रूपाली चाकणकर के इस्तीफे की मांग की है। अशोक खरात को 18 मार्च की सुबह नागपुर पुलिस ने 27 साल की एक महिला से रेप के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोप है कि ज्योतिषी खरात ने दो सालों तक डरा-धमकाकर इस महिला का यौन शोषण किया। कोर्ट ने आरोपी खरात को 24 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इसके बाद उसके मोबाइल में जो मिला, उसने हर किसी को आश्चर्य में डाल दिया है।
नासिक में पुलिस ने महिलाओं का यौन शोषण करने और उन्हें आपत्तिजनक स्थिति में फिल्माने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी बाबा के महिलाओं से जुड़े 58 आपत्तिजनक वीडियो बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, अशोक खरात कथित तौर पर महिलाओं को नशा कराता था, उनकी वीडियो बनाता था और बाद में उन रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल उन्हें ब्लैकमेल करने और उनका यौन शोषण करने के लिए करता था।
अशोक खरात के कई राजनेताओं, उद्योगपतियों और मशहूर हस्तियों से संबंध बताए जाते हैं, जिनमें से कई कथित तौर पर विभिन्न मामलों पर उनसे सलाह लेते थे। उनकी गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र के सियासी गलियारे में हलचल मच गई है।
एकनाथ शिंदे के साथ भी तस्वीरें और वीडियो
कैप्टन अशोक खरात की उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। एक वीडियो में रूपाली चाकणकर खरात के पैर धोती और श्रद्धा व्यक्त करती नजर आ रही हैं, जबकि दूसरे में उन्हें अपना गुरु बता रही हैं। रूपाली चाकणकर शिवनिका नामक एक ट्रस्ट की सदस्य भी हैं, जिसका अध्यक्ष अशोक खरात है। अशोक खरात का मर्चेंट नेवी बैकग्राउंड के होने के कारण लोग उसे ‘कैप्टन’ के नाम से बुलाते हैं। अशोक खरात को प्रमुख राजनेताओं, व्यापारियों और मशहूर हस्तियों के करीबी माना जाता है। वह नवंबर 2022 में तब सुर्खियों में आया था जब तत्कालीन सीएम एकनाथ शिंदे अपनी पत्नी लता और दो कैबिनेट मंत्रियों- राधाकृष्ण विखे पाटिल और दीपक केसकर के साथ नासिक जिले में उसके ट्रस्ट द्वारा संचालित एक मंदिर में गए थे।
राजनीतिक दलों ने मांगा चाकणकर का इस्तीफा
राजनीतिक विवाद ने महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर की तस्वीर पर शुरू हुआ। जब एक तस्वीर में चाकणकर आरोपी ज्योतिष अशोक खरात के लिए छाता पकड़े हुए और दूसरे में पाद्य पूजन करती हुईं दिखाई दे रही हैं। कांग्रेस का कहना है कि चाकणकर आरोपी के ‘शिवनिका संस्थान’ की ट्रस्टी भी हैं। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने भी रूपाली चाकणकर का इस्तीफा मांगा है।
शिवसेना (यूबीटी) की नेता सुषमा अंधारे ने भी आरोप लगाया कि रूपाली चाकणकर ने अपने रसूख का इस्तेमाल कर पहले भी इस तरह के आरोपों को दबाने की कोशिश की थी। एनसीपी-एसपी प्रवक्ता सुनील मांगे ने भी चाकणकर को महिला आयोग से हटाने की मांग की है।
रूपाली चाकणकर ने कही ये बात?
वहीं, इस मामले में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष का नाम सामने आने पर रूपाली चाकणकर का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा है कि मैं सिर्फ शिवनिका ट्रस्ट से सिर्फ समाजसेवा के लिए जुड़ी थी। मुझे अशोक खरात के पर्सनल लाइफ या उन पर लगे आरोपों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। पुलिस इस मामले की निष्पक्ष जांच करेगी और मुझे इस जांच पर पूरा भरोसा है।
शादीशुदा जिंदगी बचाने गई थी महिला, हुई बर्बाद!
नासिक पुलिस की अपराध शाखा के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अशोक खरात के खिलाफ मंगलवार को एक 27 वर्षीय महिला के साथ झूठे वादों के बहाने बलात्कार और यौन शोषण के आरोप में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज की गई है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वैवाहिक समस्याओं के चलते उसने अशोक खरात से सलाह ली थी, जिसके बाद वह उसके संपर्क में आई। उसने उसे बहकाया और यह कहकर उसका यौन शोषण किया कि अगर वह उसकी इच्छा के अनुसार आत्मसमर्पण कर देती है, तो उसकी सभी समस्याएं धीरे-धीरे हल हो जाएंगी। इसी बहाने उसने 2022 से 2025 के बीच कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया।
खरात पर इन धाराओं के तहत मामला हुआ दर्ज
पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि उसने न सिर्फ उस महिला का, बल्कि कई अन्य महिलाओं का भी बलात्कार किया था। उसने घर में कई जगहों पर CCTV कैमरे और छिपे हुए कैमरे लगा रखे थे। उसके अपराधों से जुड़े कई दृश्य उन कैमरों में रिकॉर्ड हो गए थे। पुलिस ने उनसे जुड़े पेन ड्राइव ज़ब्त कर लिए। उन पेन ड्राइव में पुलिस को 58 महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए, महाराष्ट्र सरकार ने इसकी जांच के लिए IPS तेजस्विनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की है। अशोक खरात को गिरफ़्तार करने के लिए पुलिस ने एक गुप्त अभियान चलाया था। आरोपी के घर से एक पिस्तौल और गोलियां भी बरामद की गईं है। अशोक खरात पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 (बलात्कार) और 69 (धोखाधड़ी या झूठे वादे के माध्यम से यौन संबंध बनाना) के साथ-साथ महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, दुष्ट और अघोरी प्रथाओं और काला जादू निवारण अधिनियम, 2013 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
